Aapka Rajasthan

ईंधन बचत अभियान में शामिल हुए राज्यपाल कविंदर गुप्ता, हफ्ते में एक दिन सरकारी वाहन नहीं होंगे इस्तेमाल

शिमला, 13 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर अब राज्यों में भी दिखाई देने लगा है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने सरकारी वाहनों के इस्तेमाल में बड़ी कटौती करने का ऐलान किया है।
 
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि राजभवन और विश्वविद्यालयों में वाहनों के उपयोग को सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सप्ताह में एक दिन सरकारी वाहन बिल्कुल इस्तेमाल नहीं किए जाएंगे।

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि देश को आने वाले समय की चुनौतियों को समझना होगा। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और इससे ईंधन संकट गहरा सकता है।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि देश के लोगों को समझने की जरूरत है कि एक बड़ी आपदा सामने खड़ी है। ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद हमारे ईंधन भंडार धीरे-धीरे कम हो सकते हैं। पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतें 400 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच चुकी हैं जबकि भारत में सरकार ने अब तक कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा है।"

राज्यपाल ने कहा कि यह समय सरकार का साथ देने का है। सरकार ने जिन मुद्दों को लेकर चिंता जताई है, वे देश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी हैं। इसी सोच के तहत राजभवन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की संख्या आधी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से जितने वाहन जरूरी होंगे, केवल उतने ही उपयोग किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में हेलिकॉप्टर के उपयोग पर भी रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां तक हवाई यात्रा का सवाल है, सरकारी कामकाज में हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। राज्यपाल का यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की 'ईंधन बचाओ' और 'संसाधनों के सीमित उपयोग' की अपील के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम