Aapka Rajasthan

ईडी और सीबीआई के जरिए दबाव बनाकर तोड़ी जा रहीं विपक्षी पार्टियांः आशुतोष वर्मा

लखनऊ, 22 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने शिवसेना (यूबीटी) के आंतरिक घटनाक्रम, राम मंदिर चंदा जांच और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी की।
 
ईडी और सीबीआई के जरिए दबाव बनाकर तोड़ी जा रहीं विपक्षी पार्टियांः आशुतोष वर्मा

लखनऊ, 22 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने शिवसेना (यूबीटी) के आंतरिक घटनाक्रम, राम मंदिर चंदा जांच और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी की।

शिवसेना (यूबीटी) के सभी छह बागी लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की संभावना पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से काम कर रही है, उससे पता चलता है कि उसकी लोकतंत्र में कोई आस्था नहीं है क्योंकि वह कथित तौर पर ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के ज़रिए चुने हुए विधायकों और सांसदों पर दबाव बना रही है। अब विधायक और सांसद मजबूर किए जा रहे हैं और पार्टी तोड़ी जा रही है। जिस दिन केंद्र और महाराष्ट्र में भाजपा सरकार गिरेगी, उस दिन हकीकत सामने आ जाएगी। इस खेल में जो लोग शामिल हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस के 'ऑपरेशन टाइगर' के सफल होने वाले बयान पर आशुतोष वर्मा ने कहा, "इसे ऑपरेशन कहना लोकतंत्र का मजाक उड़ाना है। ऑपरेशन तो सैनिक सीमा पर करते हैं या स्वास्थ्यकर्मी लोगों की जान बचाने के लिए करते हैं। यह तो चोरी है... संगठित चोरी, जो केंद्र सरकार की मदद से की जा रही है।"

अयोध्या राम मंदिर चंदे को लेकर हुए विवाद पर सपा प्रवक्ता ने कहा, "यह अपने आप में अजीब बात है कि आप चोरी भी करते हैं और फिर खुद ही पुलिसवाले बनकर चोर को पकड़ने का दावा भी करते हैं। चंदा चोरी करने वाला खुद ही कह रहा है कि उसने चोरी पकड़ी है। राम मंदिर में एक दिन में 10-12 लाख रुपये चंदे के रूप में चढ़ाए जाते हैं। रामनवमी, दीपावली और दशहरे पर प्रतिदिन 50 लाख रुपये चंदा चढ़ाया जाता है। राम मंदिर में अरबों का घोटाला हुआ है।

सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर मंत्री ओपी राजभर के आरोपों पर आशुतोष वर्मा ने कहा, "ओपी राजभर ने आपको चुनाव जिताने में अपना पैसा खर्च किया और आपको यह एहसास भी नहीं है कि आपके साथ कितना बड़ा खेल खेला जा रहा है। आपसे जो बड़े-बड़े बयान दिलवाए जा रहे हैं, वे भाजपा और आरएसएस की तरफ से आ रहे हैं। आपको जो बयान मिल रहे हैं, आप उन्हें समझ नहीं पा रहे हैं। 2027 के चुनाव परिणाम आते ही ओपी राजभर की पार्टी भी गायब हो जाएगी।"

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन पर आशुतोष वर्मा ने कहा, "उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। जब गठबंधन लड़ता है तो वहां पार्टी और व्यक्तियों का महत्व नहीं रह जाता है। भारतीय जनता पार्टी घबराई हुई है, क्योंकि 2024 में कांग्रेस और सपा ने 80 सीटों पर तैयारी की थी। दोनों पार्टियों के मिलकर चुनाव लड़ने से 43 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी। भाजपा डरी हुई है कि अगर सपा-कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा तो उनका सफाया हो जाएगा।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम