ईसीएचएस में 53 साल वालों के लिए निकली भर्ती, 4 अप्रैल तक फॉर्म भरने का मौका
रायपुर, 30 मार्च (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की बेहतर तलाश में जुटे लोगों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ईसीएचएस) ने चौकीदार समेत अलग-अलग तीन पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
ईसीएचएस ने जिन 3 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें चपरासी, चौकीदार और डीईओ/क्लर्क के 1-1 पद शामिल हैं। वहीं, चपरासी और चौकीदार पद के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से कम से कम आठवीं उत्तीर्ण और डीईओ/क्लर्क पद के लिए आवेदन कर्ताओं के पास ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 53 से 55 साल के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, योग्य कैंडिडेट्स का चयन शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी पद अनुसार 21,800 से 29,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईसीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, वहां संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद एप्लीकेशन को एक लिफाफे में डालकर उसपर पद के नाम को लिखकर उसे 'ओएलसी, स्टेशन एचओ (ईसीएचएस सेल) रायपुर, शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास, सेक्टर-03, परसदा, नया रायपुर पिन-492101 (सीजी)' पते पर डाक कर दें।
--आईएएनएस
डीके/डीएससी
