दूसरा टेस्ट: बारिश ने किया मजा किरकिरा, दूसरे दिन तक सिर्फ 43 ओवरों का खेल, साउथ अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौटी
गकेबरहा, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने बारिश से प्रभावित दूसरे टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। सेंट जॉर्ज पार्क में जारी मुकाबले के शुरुआती दो दिनों में सिर्फ 43 ओवरों का खेल हो सका है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने पहले दिन सिर्फ 12.2 ओवरों का सामना किया, जिसमें 20 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए। अगले दिन भी बारिश के चलते मैच काफी देर से शुरू हुआ। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह सोमवार को मैदान पर नहीं उतरे, जिन्होंने मुकाबले के पहले दिन 5 ओवरों में सिर्फ 3 रन दिए थे।
साउथ अफ्रीकी कप्तान टेंबा बावुमा ने मार्केस एकरमैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 13 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 25 के स्कोर तक पहुंचाया, जहां मार्केस एकरमैन (6) का विकेट गिर गया।
इसके बाद बावुमा ने मैथ्यू ब्रीत्जके के साथ चौथे विकेट के लिए 15 रन जुटाकर टीम को 40 के स्कोर तक पहुंचाया। ब्रीत्जके साउथ अफ्रीका के खाते में सिर्फ 4 रन जुटा सके थे। यहां से टेंबा बावुमा ने रयान रिकेल्टन के साथ पांचवें विकेट के लिए 109 गेंदों में 52 रन जुटाकर स्कोर 92 तक पहुंचाया।
रिकेल्टन 51 गेंदों में 5 चौकों के साथ 31 रन बनाकर आउट हुए। दिन की समाप्ति तक बावुमा 108 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 41 रन बना चुके थे, जबकि वियान मुल्डर अपने खाते में 2 रन जुटा चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्कॉट बोलैंड ने 14 ओवरों में 31 रन देकर 4 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि मिचेल स्टार्क ने 1 विकेट अपने नाम किया है।
तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम करने के बाद साउथ अफ्रीकी टीम डरबन में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मैच को 214 रन से गंवा बैठी थी। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 27 अक्टूबर से केपटाउन में खेला जाना है।
--आईएएनएस
आरएसजी
