Aapka Rajasthan

महिला वनडे: ग्वांजुरा का 'चौका', वेस्टइंडीज को 4 विकेट से मात देकर जिम्बाब्वे की सीरीज में बराबरी

हरारे, 27 सितंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे की महिला टीम ने रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज पर 4 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।
 

हरारे, 27 सितंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे की महिला टीम ने रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज पर 4 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की महिला टीम 39.3 ओवरों में सिर्फ 139 रन पर सिमट गई। इस टीम को 9 के स्कोर पर रियालियाना ग्रिमंड (4) के रूप में पहला झटका लग गया था।

इसके बाद कप्तान हेली मैथ्यूज ने स्टेफनी टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 47 रन की सझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद वेस्टइंडीज निरंतर अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही।

मैथ्यूज 35 गेंदों में 5 चौकों के साथ 26 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि टेलर ने 4 चौकों के साथ 47 रन की पारी खेली। इनके अलावा, निचले क्रम में एफी फ्लेचर ने 15 रन और अश्वमिनी मुनिसार ने नाबाद 20 रन की पारी खेली।

मेजबान टीम की तरफ से न्याशा ग्वांजुरा ने 33 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि मिशेल मावुंगा ने 3 विकेट निकाले। फ्रांसिस्का चिपारे ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने 40.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। मोडेस्टर मुपाचिकवा और केलिस न्धलोवु के साथ पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। मुपाचिकवा 57 गेंदों में 7 चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद टीम लड़खड़ा गई और 70 के स्कोर तक 3 विकेट गिर गए।

यहां से कप्तान जोसेफिन न्कोमो ने बेलोवेद बीजा के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन जोड़कर टीम का शतक पूरा करवाया। कप्तान 30 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि बीजा ने 14 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके बाद न्याशा ग्वांजुरा ने 18 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से एफी फ्लेचर, आलिया एलीन और अश्वमिनी मुनिसार को 2-2 विकेट हाथ लगे।

वेस्टइंडीज ने सीरीज का पहला मैच 99 रन से अपने नाम किया था। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 30 सितंबर को इसी मैदान पर खेला जाना है, जिसे जीतने वाली टीम सीरीज भी अपने नाम कर लेगी। इसके बाद 3-7 अक्टूबर के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज का आयोजन होगा।

--आईएएनएस

आरएसजी