Aapka Rajasthan

दुर्गा पूजा समारोह के लिए बुक होगा ईडन गार्डन्स, बंगाल सरकार ने सीएबी से मांगी अनुमति

कोलकाता, 9 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने इस साल दुर्गा पूजा के भव्य समारोहों के आयोजन के लिए ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम को बुक करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए राज्य सरकार ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) को पत्र लिखकर 25 सितंबर से 15 अक्टूबर, 2026 तक मैदान की उपलब्धता मांगी है।
 

कोलकाता, 9 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार ने इस साल दुर्गा पूजा के भव्य समारोहों के आयोजन के लिए ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम को बुक करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए राज्य सरकार ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) को पत्र लिखकर 25 सितंबर से 15 अक्टूबर, 2026 तक मैदान की उपलब्धता मांगी है।

युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से सीएबी के सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के अनुरोध पर दुर्गा पूजा समारोह 2026 के तहत सांस्कृतिक और उत्सव कार्यक्रमों की एक श्रृंखला का आयोजन किया जाना है। इसमें एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल है, जिसके लिए ईडन गार्डन्स को बुक करना आवश्यक है।

सरकार ने पत्र में स्पष्ट किया है कि उसे 25 सितंबर से 15 अक्टूबर तक का समय चाहिए, जिसमें कार्यक्रम की तैयारी और समापन के बाद विघटन की व्यवस्था भी शामिल है। यह अवधि दुर्गा पूजा के मुख्य दिनों को कवर करती है।

पत्र क्रमांक 2005-एसपी/1एम-64/26 दिनांक 8 सितंबर, 2026 को पश्चिम बंगाल सरकार के सचिव द्वारा जारी किया गया है। इसमें सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सचिव के पत्र का हवाला दिया गया है। राज्य सरकार ने इस मामले को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है और सीएबी से कहा कि वह 11 सितंबर तक ईडन गार्डन्स की उपलब्धता और बुकिंग की पुष्टि कर दे, ताकि कार्यक्रम और संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके।

बता दें कि पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि एक बड़ा सांस्कृतिक उत्सव है, जिसे यूनेस्को ने अपनी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में भी शामिल किया है। हर साल राज्य सरकार की ओर से कोलकाता में बड़े पैमाने पर दुर्गा पूजा कार्निवल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

ईडन गार्डन्स भारत का सबसे पुराना और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, लेकिन इसका उपयोग अक्सर बड़े सरकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जाता रहा है। हालांकि, पूजा के लिए इतनी लंबी अवधि के लिए स्टेडियम की बुकिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि अक्टूबर में क्रिकेट सीजन भी शुरू हो जाता है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी