Aapka Rajasthan

दुर्गापूजा में सुरक्षा से लेकर पर्यावरण तक पर सीएम हेमंत सोरेन का जोर, समितियों से सहयोग की अपील की

रांची, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासन को कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से भी पर्यावरण अनुकूल तरीके से मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था करने और पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है।
 

रांची, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासन को कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से भी पर्यावरण अनुकूल तरीके से मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था करने और पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान ये निर्देश दिए।

पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट किया तथा उन्हें सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण और महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। पूजा समितियों ने जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों के दौरान मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन के साथ लगातार बैठकें कर पूजा से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आमंत्रण स्वीकार करते हुए दुर्गापूजा के दौरान विभिन्न पंडालों में जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और परंपरा का पर्व है, लेकिन इसके आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी जुड़ी है। उन्होंने पूजा समितियों और प्रशासन के बीच समन्वय से मूर्ति विसर्जन के लिए वैकल्पिक और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था तैयार करने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि विसर्जन के बाद तालाबों और जलाशयों में प्रदूषण की समस्या को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो सके। उन्होंने पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से संबंधित बैनर और होर्डिंग लगाने की अपील भी की।

समितियों ने भरोसा दिया कि पंडालों में नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सुविधा मिले। पंडालों और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच