Aapka Rajasthan

दुनिया की सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स सूची में शामिल हुआ गुवाहाटी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल

गुवाहाटी, 15 जून (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि गुवाहाटी हवाई अड्डे के नए टर्मिनल को प्रतिष्ठित प्रिक्स वर्साय वर्ल्ड्स मोस्ट ब्यूटीफुल एयरपोर्ट्स लिस्ट 2026 में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह असम की स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय शिल्पकला को मिली वैश्विक पहचान का प्रतीक है।
 
दुनिया की सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स सूची में शामिल हुआ गुवाहाटी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल

गुवाहाटी, 15 जून (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि गुवाहाटी हवाई अड्डे के नए टर्मिनल को प्रतिष्ठित प्रिक्स वर्साय वर्ल्ड्स मोस्ट ब्यूटीफुल एयरपोर्ट्स लिस्ट 2026 में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह असम की स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय शिल्पकला को मिली वैश्विक पहचान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "दुनिया अब असम की स्थापत्य पहचान को नोटिस कर रही है। गुवाहाटी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल प्रिक्स वर्साय की दुनिया के सबसे खूबसूरत हवाई अड्डों की सूची 2026 में शामिल हुआ है। इसके डिजाइन में स्वदेशी कला, स्थानीय कारीगरी और प्रकृति से प्रेरित कथाओं का शानदार समावेश किया गया है।"

उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार अब दुनिया के सबसे उत्कृष्ट हवाई अड्डों की सूची में शामिल हो गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि गुवाहाटी, जिसे लंबे समय से पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार माना जाता रहा है, अब धीरे-धीरे दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए भारत का प्रवेश द्वार बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में शहर में कई ऐतिहासिक विकास परियोजनाएं आकार लेने वाली हैं और इसी सिलसिले में उन्होंने गुवाहाटी और उसके आसपास चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा था, "पूर्वोत्तर का प्रवेश द्वार अब भारत का दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार बन रहा है। गुवाहाटी आने वाले दिनों में कई ऐतिहासिक क्षणों का साक्षी बनने जा रहा है और इसी को देखते हुए मैंने राजधानी और उसके आसपास चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की।"

बता दें कि असम में, विशेष रूप से गुवाहाटी में, बड़े पैमाने पर आधारभूत ढांचा विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार की एक्ट ईस्ट नीति के तहत, गुवाहाटी को आर्थिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

पिछले कुछ वर्षों में राज्य सरकार ने शहर के शहरी ढांचे को आधुनिक बनाने और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें सड़क नेटवर्क का विस्तार, नए फ्लाईओवरों का निर्माण, रिवरफ्रंट विकास, सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार तथा पड़ोसी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से संपर्क मजबूत करने की योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा, विमानन, रेलवे और अंतर्देशीय जल परिवहन क्षेत्र में भी बड़े निवेश किए गए हैं, जिससे गुवाहाटी की पूर्वोत्तर भारत के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में भूमिका और मजबूत हुई है।

--आईएएनएस

डीएससी