Aapka Rajasthan

दुनिया की राजनीति में नरेंद्र मोदी अनूठा उदाहरण: सीएम मोहन यादव

भोपाल 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश ही नहीं दुनिया में अनूठा उदाहरण हैं क्योंकि उन्होंने जितनी बार विधानसभा का चुनाव लड़ा तो मुख्यमंत्री बने और लोकसभा का चुनाव लड़ा तो प्रधानमंत्री।
 

भोपाल 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश ही नहीं दुनिया में अनूठा उदाहरण हैं क्योंकि उन्होंने जितनी बार विधानसभा का चुनाव लड़ा तो मुख्यमंत्री बने और लोकसभा का चुनाव लड़ा तो प्रधानमंत्री।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि देश ही नहीं, दुनिया में भी ऐसा अनूठा उदाहरण मिलना मुश्किल है। नरेंद्र मोदी ने जितनी बार विधायक का चुनाव लड़ा, हर बार मुख्यमंत्री बने और जितनी बार सांसद का चुनाव लड़ा, हर बार प्रधानमंत्री बने। यह अपने आप में एक विशिष्ट रिकॉर्ड है। दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि उनका गृह राज्य गुजरात है, लेकिन उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाई।

मुख्यमंत्री यादव ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री का प्रत्याशी घोषित किए जाने के अवसर की चर्चा करते हुए कहा, "जिस दौर में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया गया, उस समय देश में लगभग 25 वर्षों से गठबंधन की राजनीति का प्रभाव था। वर्ष 1984 में स्वर्गीय इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला था। उसके बाद 1989 से लेकर 2013 तक देश की राजनीति में गठबंधन का दौर प्रमुखता से बना रहा। उस समय यह धारणा बन गई थी कि गठबंधन के बिना केंद्र में सरकार बनाना और चलाना लगभग असंभव है। भारतीय जनता पार्टी के बारे में भी कहा जाता था कि वह अपने दम पर सरकार नहीं बना सकती।"

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे राजनीतिक माहौल में भाजपा द्वारा नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना अपने आप में एक बड़ा और चुनौतीपूर्ण निर्णय था। उस समय पार्टी के नेतृत्व को लेकर कई नामों की चर्चा होती थी, लेकिन पार्टी ने नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उन्हें प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया। यह निर्णय नेतृत्व के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और राजनीतिक विश्वास का प्रतीक था। जनता ने भी नरेंद्र मोदी को जिस उत्साह और विश्वास के साथ स्वीकार किया, वह भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। ऐतिहासिक जीत हासिल की और देश के प्रधानमंत्री बने।

देश की लगभग 80 करोड़ आबादी को मिल रहे मुफ्त अनाज की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क अन्न उपलब्ध कराना 'रामराज्य' की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनधन योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम स्वनिधि और उज्ज्वला योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर उन्हें सशक्त बनाया है।

वहीं, जीएसटी और नोटबंदी जैसे बड़े निर्णयों ने देश की आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलावों की नींव रखी। तीन तलाक के उन्मूलन और नई न्याय संहिता जैसे कदमों से न्याय व्यवस्था को अधिक न्यायपूर्ण और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।

--आईएएनएस

एसएनपी/एमएस