डीयू के छात्रों ने कहा- देश के जेन-जी का ख्याल रखते हैं पीएम मोदी
नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में एक करोड़ युवाओं को एआई ट्रेनिंग देने और महिला आरक्षण समेत युवाओं से जुड़े मुद्दों का जिक्र किए जाने पर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने खुशी जाहिर की। छात्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं की जरूरतों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए काम कर रहे हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की संयुक्त सचिव दीपिका झा ने महिला आरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में सरकार का प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को इस मुद्दे पर साथ आना चाहिए, ताकि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ सके।
दीपिका झा ने कहा कि जेन जी भी अब समझ रहा है कि कौन उनके हित में काम कर रहा है और कौन उन्हें भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना काम कर रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में देश के लिए बेहतर काम होगा।
मुफ्त कोचिंग और एआई ट्रेनिंग के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक और मोबाइल से काफी जुड़ी हुई है। ऐसे में युवाओं को एआई से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने की पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री के इस विचार का समर्थन किया।
लाल किले की प्राचीर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह का जिक्र करते हुए दीपिका ने कहा कि इस बार कार्यक्रम भव्य रहा। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ के गायन का भी उल्लेख किया और कहा कि इस तरह के आयोजनों से देशभक्ति की भावना मजबूत होती है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र ने कहा कि 2014 से पहले और उसके बाद देश में हुए बदलावों को युवाओं ने देखा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को पसंद करते हैं।
छात्र ने प्रधानमंत्री द्वारा एक करोड़ युवाओं को एआई से जोड़ने के लिए ट्रेनिंग देने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नई तकनीक से जोड़ना देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। छात्र ने मुफ्त कोचिंग की पहल का भी समर्थन किया।
एक अन्य छात्र ने कहा कि यदि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है तो इसमें युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि देश के युवा प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़े हैं और युवाओं की ताकत ही देश की ताकत है।
एक अन्य छात्रा ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं और देश के लिए कई योजनाओं पर काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं।
इसी बीच, बिजनेसवुमन माया चौधरी ने महिला आरक्षण को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के बारे में जिस तरह से सोचा है, वह उनके लिए अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और 33 प्रतिशत आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी को और मजबूती मिल सकती है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
