डीटीयू भर्ती 2026: प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के 84 पदों पर आवेदन शुरू, जानें डिटेल
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) ने सीधी भर्ती के माध्यम से विभिन्न विषयों के आधार पर प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के कुल 84 पदों पर रिक्तियों की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके की है।
डीटीयू की ओर से जारी 84 रिक्तियों में प्रोफेसर के 2 और एसोसिएट प्रोफेसर के 82 पद शामिल हैं। जिन विषयों के आधार पर रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें गणित और कंप्यूटिंग विषय में प्रोफेसर के 2 पद और एप्लाइड मैथमेटिक्स में 1, मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग में 5, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में 4, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में 4 , कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 20, इकोनॉमिक्स (यूएसएमई) में 3, मैनेजमेंट (यूएसएमई) में 11, एनवायर्नमेंटल इंजीनियरिंग में 1, डिजाइन में 3, एप्लाइड फिजिक्स में 1, इंजीनियरिंग फिजिक्स में 1, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में 3, दिल्ली स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में 2, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में 1, इंजीनियरिंग में 5, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 5, ह्यूमैनिटीज (इकोनॉमिक्स/इंग्लिश) में 1, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में 2, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 6 और बायोटेक्नोलॉजी में 4 पद शामिल हैं।
प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 23 अक्टूबर के सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे डीटीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित दस्तावेजों और शुल्क रसीद की कॉपी एक साथ एक लिफाफे में डालकर 'भर्ती सेल, कमरा नंबर 818, 8वीं मंजिल, एबी-3 ब्लॉक, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, शाहबाद दौलतपुर, बवाना रोड, दिल्ली - 110042' पते पर डाक या अन्य माध्यम से 21 दिसंबर की शाम 5 बजे तक या उससे पहले पहुंचाना होगा।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की प्रारंभिक जांच, दस्तावेज एवं बिंदु चिह्न सत्यापन, प्रस्तुति और साक्षात्कार, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डीटीयू के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 3,000 रुपए और ईडब्ल्यूएस/एससी/एसटी के लिए 1,000 रुपए तय की गई है। वहीं, दिव्यांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
आवेदकों को रिक्तियों से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए डीटीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी
