Aapka Rajasthan

ड्रग तस्करी के खिलाफ अनंतनाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.10 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति जब्त

अनंतनाग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। ड्रग तस्करी और उससे होने वाली अवैध कमाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनंतनाग पुलिस ने बिजबेहरा में एक कुख्यात ड्रग तस्कर की करीब 1.10 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्ति को जब्त कर लिया है।
 

अनंतनाग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। ड्रग तस्करी और उससे होने वाली अवैध कमाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनंतनाग पुलिस ने बिजबेहरा में एक कुख्यात ड्रग तस्कर की करीब 1.10 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्ति को जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति शोपियां के मेलहूरा निवासी गुलाम नबी अलाई की है। वह हबीबुल्लाह अलाई का बेटा है और इलाके का कुख्यात ड्रग तस्कर माना जाता है। यह जब्ती बिजबेहरा पुलिस स्टेशन द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में वित्तीय जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने ड्रग तस्करी से हुई अवैध कमाई से संपत्ति बनाई थी। जब्त की गई संपत्ति में बिजबेहरा के सेमथन (हमजेहपोरा) में एनएच-44 के किनारे स्थित एक दो-मंजिला कमर्शियल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शामिल है। इस कॉम्प्लेक्स में पांच दुकानें और पांच कमरे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कई एनडीपीएस मामलों में शामिल रहा है। वह लंबे समय से ड्रग तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और अवैध व्यापार से कमाए गए पैसों को संपत्ति में बदल रहा था। पुलिस की वित्तीय जांच में इस बात के पुख्ता सबूत मिले, जिसके बाद संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई।

अनंतनाग पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई ड्रग तस्करी के वित्तीय नेटवर्क को तोड़ने और अवैध ड्रग व्यापार से कमाई गई संपत्ति को निशाना बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। पुलिस का उद्देश्य सिर्फ तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई के स्रोत को भी खत्म करना है, ताकि वे दोबारा इस धंधे में न लौट सकें।

ड्रग तस्करी समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है। खासकर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेला जा रहा है। ऐसे में पुलिस ड्रग सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। संपत्ति जब्ती जैसी कार्रवाई से तस्करों में डर पैदा होगा और अन्य लोगों को भी इस अवैध धंधे से दूर रहने का संदेश मिलेगा।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी