Aapka Rajasthan

'ड्रॉ जीत के बराबर', अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने सेदिकुल्लाह अटल की प्रशंसा की

अबू धाबी, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच शेख जायद स्टेडियम में खेला गया एकमात्र टेस्ट ड्रॉ रहा। पहली पारी के आधार पर पिछड़ने के बाद अफगानिस्तान ने जिस तरह टेस्ट ड्रॉ कराया, उसने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने कहा है कि यह ड्रॉ जीत के बराबर है।
 

अबू धाबी, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच शेख जायद स्टेडियम में खेला गया एकमात्र टेस्ट ड्रॉ रहा। पहली पारी के आधार पर पिछड़ने के बाद अफगानिस्तान ने जिस तरह टेस्ट ड्रॉ कराया, उसने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने कहा है कि यह ड्रॉ जीत के बराबर है।

रहमत शाह ने दूसरी पारी में शतक लगाकर मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाने वाले बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल की प्रशंसा की।

प्रेजेंटेशन सेरेमनी में रहमत ने कहा, "सेदिकुल्लाह टी20 से फ्रेश होकर आए थे, और जिस तरह से उन्होंने अपना धैर्य बनाए रखा, टीम को जो चाहिए था, वह किया और उसे पूरा किया, इसीलिए हमने यह परिणाम हासिल किया।"

रहमत ने कहा, "एक टीम के तौर पर, मुझे खुशी हुई कि मैच में दो खिलाड़ियों ने शतक लगाया। दूसरों ने अर्धशतक लगाए और जरूरी साझेदारी में योगदान दिया।"

उन्होंने कहा, "निचले क्रम के बल्लेबाजों ने समझदारी से बल्लेबाजी की। हमारा प्लान लंबे समय तक बैटिंग करना और सब्र रखना था और इस बात से परेशान नहीं होना था कि वे डॉट बॉल या मेडन बॉल फेंकें। हमारा लक्ष्य पूरे दिन बल्लेबाजी करना था। दूसरी पारी में 142 ओवर और सात घंटे से ज्यादा बल्लेबाजी करना हमारे लिए एक बड़ी कामयाबी थी। सभी की कोशिश बहुत बढ़िया थी।"

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफगानिस्तान के कोच रिचर्ड पायबस ने कहा, "असल में मैच को पलटने का सारा श्रेय सेदिकुल्लाह को जाता है। यह उनके लिए एक शानदार पारी थी। वह थोड़े आउट ऑफ टच थे, इसलिए उन्होंने इस पारी पर बहुत मेहनत की। उन्हें श्रेय जाता है, वह अपने टेस्ट करियर की शुरुआत में हैं। वह इस आत्मविश्वास को आगे ले जाएंगे।"

मैच पर नजर डालें तो बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 346 रन बनाए थे। अफगानिस्तान की पहली पारी 240 रन पर सिमट गई। पहली पारी में कप्तान रहमत शाह ने नाबाद 105 रन बनाए थे।

बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 372 रन बनाकर घोषित की और अफगानिस्तान को जीत के लिए 479 रन का लक्ष्य दिया। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अब्दुल मलिक 2 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे ओपनर सेदिकुल्लाह अटल ने पारी को संभाला। अटल ने 332 गेंदों का सामना करते हुए 111 रन की पारी खेलकर मैच को ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई।

अटल को कप्तान रहमत शाह (51 रन, 124 गेंद), हशमतुल्लाह शाहिदी (36 रन, 69 गेंद), इकराम अलीखिल (33 रन, 69 गेंद), यामीन अहमदजई (19 रन, 85 गेंद) और कैस अहमद (नाबाद 49 रन, 80 गेंद) का अच्छा साथ मिला। अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में 142 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 346 रन बनाए। इसी स्कोर पर पांचवें दिन का खेल समाप्त हुआ और मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया।

--आईएएनएस

पीएके