Aapka Rajasthan

डीआरआई मुंबई की बड़ी कार्रवाई, 38 करोड़ रुपए का सोना जब्त

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। संगठित सोना तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 'ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज' के तहत एक बड़े तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 29.37 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 37.74 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान 24 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
 
डीआरआई के अधिकारियों को मिली सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर बुधवार को मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, नैरोबी से आने वाली कुछ महिला यात्रियों के एक समूह पर संदेह जताया गया था, जो भारी मात्रा में सोना तस्करी कर भारत लाने की कोशिश कर रही थीं।

'ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज' के तहत डीआरआई की टीम ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए 24 विदेशी महिला यात्रियों को रोका और जांच की। तलाशी के दौरान उनके पास से 25.10 किलोग्राम सोने की सिल्लियां (गोल्ड बार) और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह एक अत्यंत संगठित तस्करी गिरोह है, जो प्रशिक्षित कैरियरों और सुनियोजित तरीकों का इस्तेमाल कर सुरक्षा एजेंसियों से बचने की कोशिश करता था। गिरोह द्वारा महिलाओं को कैरियर के रूप में इस्तेमाल कर सोने की तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था।

डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े हो सकते हैं और आगे की जांच में इसके अन्य सदस्यों और सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

डीआरआई ने यह स्पष्ट किया है कि देश की आर्थिक और राजकोषीय व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एजेंसी ने दोहराया कि राष्ट्रीय हितों को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीएसके