डीआरडीओ टीबीआरएल भर्ती 2026: रिसर्च एसोसिएट सहित 14 पदों पर वैकेंसी, बिना एग्जाम होगा सिलेक्शन
चंडीगढ़, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक प्रमुख प्रयोगशाला, टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल) ने रिसर्च एसोसिएट सहित विभिन्न 14 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
डीआरडीओ टीबीआरएल ने जिन 14 पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी निकाली है, उनमें जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - मैकेनिकल इंजीनियरिंग, जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - फिजिक्स, जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग व जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 2-2 पद; रिसर्च एसोसिएट (आरए) - धातु विज्ञान और पदार्थ इंजीनियरिंग व रिसर्च एसोसिएट (आरए) - फिजिक्स के 1-1; और जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - कंप्यूटर साइंस के 4 पद शामिल हैं।
डीआरडीओ टीबीआरएल की ओर से जारी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन पात्रता मानदंडों के आधार पर स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 37,000 से 67,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में शामिल में होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में बीई/बीटेक/एमई/एमटेक की डिग्री के साथ नेट/गेट उत्तीर्ण या पीएचडी होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय साल का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु पद अनुसार 28 से 35 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन पद अनुसार 21 से 29 अप्रैल के बीच 'टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लैब (टीबीआरएल), सेक्टर-30, चंडीगढ़ पर किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें तय समय के मुताबित संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी
