Aapka Rajasthan

डीपीएल 2026: सार्थक-वैभव की शतकीय साझेदारी, स्ट्राइकर्स ने लायंस को 8 विकेट से रौंदा

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 23वें मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस को 8 विकेट से रौंदा।
 

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 23वें मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस को 8 विकेट से रौंदा।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स 5 में से 3 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, वेस्ट दिल्ली लायंस ने 6 में से 3 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले गंवाए। इनके अलावा, 1 मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। यह टीम 7 प्वाइंट्स के साथ पांचवें पायदान पर है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 146 रन बनाए। अंकित कुमार ने कृष यादव के साथ पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 36 रन की साझेदारी की।

अंकित 10 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि लायंस ने 59 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे। यहां से सोमबीर श्योकंद ने मयंक गुसाईं के साथ छठे विकेट के लिए 46 गेंदों में 68 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

कृष 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सोमबीर ने 24 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 34 रन बनाए। इनके अलावा, मयंक गुसाईं ने 28 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 42 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी टीम से अजय यादव और मयंक डागर ने 2-2 विकेट निकाले। अर्जुन और विकास दीक्षित ने 1-1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 14.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान सार्थक रंजन ने वैभव कांडपाल के साथ पहले विकेट के लिए 62 गेंदों में 106 रन की साझेदारी की। सार्थक 30 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सौरभ देशवाल टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुटा सके।

टीम को 113 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। इसके बाद यश भाटिया ने वैभव कांडपाल के साथ 18 गेंदों में 37 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। वैभव 43 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 64 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि यश भाटिया ने 21 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मनन भारद्वाज और मयंक गुसाईं ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

--आईएएनएस

आरएसजी