Aapka Rajasthan

बंगाल उपचुनाव और गुजरात निकाय चुनाव के नतीजों पर दिलीप घोष बोले-'डबल इंजन सरकार पर जनता का भरोसा'

कोलकाता, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में हुए उपचुनाव और गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर मंत्री दिलीप घोष ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।
 

कोलकाता, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में हुए उपचुनाव और गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर मंत्री दिलीप घोष ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

पश्चिम बंगाल उपचुनाव के नतीजों पर टिप्पणी करते हुए दिलीप घोष ने कहा, "यह सच है कि बंगाल में लंबे समय तक निष्पक्ष चुनाव नहीं हुए। जैसे ही निष्पक्ष चुनाव होने शुरू हुए, नतीजे पूरी तरह से बदल गए। जिस पार्टी ने पिछले 15 सालों तक राज्य पर शासन किया, उसे 3 प्रतिशत वोट भी नहीं मिले। सब जानते हैं कि वोट की चोरी कहां हो रही थी। इसीलिए जिन्होंने वोट चुराए, वे ही अब वोट चोरी का शोर मचा रहे हैं। यह बात अब सभी के सामने साफ हो गई है।"

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की बड़ी जीत पर दिलीप घोष ने कहा कि यह डबल इंजन सरकार के विकास का नतीजा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोगों को डबल इंजन सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित प्रशासन और बुनियादी ढांचे का लाभ मिल रहा है। इसी वजह से लोग हर चुनाव में बड़ी संख्या में बीजेपी को वोट देते हैं। जहां भी डबल इंजन की सरकार है, वहां इसी तरह के नतीजे आएंगे और लोग बीजेपी के साथ और अधिक मजबूती से खड़े होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि देश आगे बढ़ रहा है और लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास से खुश हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी-कभी जनता को गुमराह करने की कोशिश करता है, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ेगा और पीएम मोदी तथा बीजेपी के नेतृत्व में देश तरक्की करता रहेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा, "किसी को नहीं पता कि उन पर हमला कहां और कैसे होता है। कभी वह घर पर गिर जाती हैं, कोई कहता है कि उन्हें धक्का दिया गया और वह खुद कहती हैं कि वह घायल हो गईं। असल में क्या हुआ, यह कोई नहीं जानता। उन्हें यह भी नहीं पता कि वह क्यों हारीं। ऐसे में उन्हें थोड़ा आराम करना चाहिए और सोचना चाहिए कि जनता क्या चाहती है।"

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दिलीप घोष ने कहा कि राहुल गांधी जिंदगी भर छात्र ही बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका व्यवहार तालिबान जैसा ही रहेगा और वे जो सीखते हैं, उसे कभी अमल में नहीं लाते।

उन्होंने कहा, "वे हर दिन अपनी राय बदलते हैं और जो मन में आता है वही कहते हैं। मुझे खुशी हुई कि उस दिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया क्योंकि उन्हें बिना सोचे-समझे कहीं भी चढ़ने की आदत है। वे गिरकर घायल हो सकते थे, इसलिए पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए उन्हें वहां से हटा दिया।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के युवा कांग्रेस के साथ होने वाले बयान पर दिलीप घोष ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि खड़गे के साथ कोई युवा है। उन्होंने कहा कि खड़गे को ऐसे गुमराह करने वाले बयान नहीं देने चाहिए और उन्हें जमीनी हकीकत समझनी चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया, "कांग्रेस हर चुनाव क्यों हारती है? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? क्या चुनाव आयोग जिम्मेदार है? क्या ईवीएम जिम्मेदार है? अब बीजेपी पर दोष मढ़ रहे हैं। अगर लोग अपने वोट से हमें जिताते हैं, तो हम क्या कर सकते हैं? यह लोगों की पसंद है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम