Aapka Rajasthan

लुधियाना में यात्री बस पर पथराव: जेकेएसए की शिकायत पर पंजाब पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

लुधियाना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा इलाके में दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक यात्री बस पर हुए पथराव के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने सोमवार को सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य के डीजीपी गौरव यादव के सामने यह मामला उठाया।
 

लुधियाना, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा इलाके में दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक यात्री बस पर हुए पथराव के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने सोमवार को सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य के डीजीपी गौरव यादव के सामने यह मामला उठाया।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री कार्यालय और डीजीपी से तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जेकेएसए ने पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों, जिनमें मीडिया सलाहकार और प्रवक्ता बलतेज पन्नू भी शामिल थे, से सीधी बातचीत की और इस मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि अंतर-राज्यीय सौहार्द को भी प्रभावित करती हैं। दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस में अधिकांश यात्री जम्मू-कश्मीर के थे, जिनमें छात्र भी शामिल थे। पथराव से बस को नुकसान पहुंचा और यात्रियों में दहशत फैल गई।

जेकेएसए के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हरकत में आया। खन्ना के एसपी (जांच) राकेश कुमार यादव ने एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुएहामी को सूचित किया कि इस घटना के संबंध में दोराहा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(4) और 125 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर संख्या 0343 दर्ज की गई है।

एसपी राकेश कुमार यादव ने बताया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने पंजाब सरकार और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया है, साथ ही मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। एसोसिएशन ने यह भी मांग की है कि नेशनल हाईवे पर चलने वाली जम्मू-कश्मीर जाने वाली बसों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

बता दें कि दोराहा लुधियाना-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित है और यहां से रोजाना सैकड़ों बसें गुजरती हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी