Aapka Rajasthan

दूसरा टेस्ट, पहला दिन: रावलपिंडी में श्रीलंका सिर्फ 98 रन पर ऑलआउट, पाकिस्तान ने हासिल की बढ़त

रावलपिंडी, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन अपनी पकड़ बना ली है। श्रीलंकाई टीम को महज 98 के स्कोर पर समेटने के बाद पाकिस्तान ने दिन की समाप्ति तक 3 विकेट खोकर 121 रन बना लिए हैं। यहां से मेजबान टीम के पास 23 रन की बढ़त है।
 

रावलपिंडी, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन अपनी पकड़ बना ली है। श्रीलंकाई टीम को महज 98 के स्कोर पर समेटने के बाद पाकिस्तान ने दिन की समाप्ति तक 3 विकेट खोकर 121 रन बना लिए हैं। यहां से मेजबान टीम के पास 23 रन की बढ़त है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 35.3 ओवरों का ही सामना कर सकी। पाकिस्तान ने मेहमान टीम को महज 98 रन पर समेट दिया, जो रावलपिंडी में किसी टेस्ट पारी का अब तक का न्यूनतम स्कोर है।

श्रीलंकाई टीम को महज 6 के स्कोर पर पसिंदु सोरियाबंदरा (2) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद तेजी से विकेट गिरे। आलम ये रहा कि 36 रन तक श्रीलंका के 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। यहां से कुसल मेंडिस ने सोनल दिनुषा के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 85 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 14 ही रन जुड़ सके।

विपक्षी खेमे से मोहम्मद अब्बास, रजाउल्लाह और आमेर जमाल ने 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं, साकिब खान ने 1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में पाकिस्तान ने दिन की समाप्ति तक 37.2 ओवरों का सामना करते हुए 3 विकेट खोकर 121 रन बनाए। अजान ओवैस ने तैय्यब आरिफ के साथ बतौर सलामी बल्लेबाज 80 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। तैय्यब 6 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ओवैस ने नाबाद रहते हुए 6 चौकों के साथ 47 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं। फिलहाल असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा और प्रभात जयसूर्या ने एक-एक विकेट अपने नाम किया है।

बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम अजान अवैस, तैय्यब आरिफ, मोहम्मद ताहा, सऊद शकील, सलमान आगा, गाजी घोरी (विकेटकीपर), आमेर जमाल, रजाउल्लाह, साकिब खान और मोहम्मद अब्बास के साथ यह मैच खेल रही है।

वहीं, श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन में लाहिरू उदारा,पसिंदु सोरियाबंदरा, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, कुसल मेंडिस (कप्तान/विकेट कीपर), सोनल दिनुशा, मिलन प्रियनाथ रत्नायके, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो को शामिल किया गया है।

पाकिस्तान ने श्रीलंका के विरुद्ध तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच रावलपिंडी में खेला गया टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था।

--आईएएनएस

आरएसजी