दूसरा टेस्ट, चौथा दिन: बांग्लादेश के खिलाफ हॉज का नाबाद शतक, वेस्टइंडीज के पास 315 रन की बढ़त
सिलहट, 8 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे टेस्ट में मजबूत पकड़ बना ली है। चौथे दिन के खेल तक कैरेबियन टीम ने कावेम हॉज के नाबाद शतक की मदद से 315 रन की शानदार बढ़त हासिल कर ली।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 356 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने महज 27 रन तक 3 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद आमिर जंगू (133), केविन विकहम (61) और जस्टिन ग्रीव्स (51) ने शानदार पारियां खेलते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। मेजबान टीम से हसन महमूद ने 90 रन देकर 6 विकेट निकाले, जबकि तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं।
इसके जवाब में बांग्लादेश ने पहली पारी में 386 रन बनाकर 30 रन की मामूली बढ़त हासिल कर ली। इस टीम ने 51 रन तक अपने 3 बल्लेबाजों को खो दिया था, जिसके बाद तौहीद हिरदॉय ने 11 चौकों और 22 छक्कों के साथ 242 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को लीड दिलाई। विपक्षी खेमे से जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि जायडेन सील्स को 2 विकेट हाथ लगे।
वेस्टइंडीज ने चौथे दिन की समाप्ति तक 83 ओवरों का सामना किया और 3 विकेट गंवाकर 345 रन बनाए। ब्रैंडन किंग ने जोशुआ दा सिल्वा के साथ पहले विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी की। जोशुआ 36 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कावेम हॉज ने मोर्चा संभाला।
हॉज ने ब्रैंडन किंग के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 रन, जबकि केविन विकहम के साथ तीसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
किंग 11 बाउंड्री के साथ 61 रन बनाकर आउट हुए, जबकि केविन ने टीम के खाते में 78 रन का योगदान दिया। कैरेबियन टीम को 284 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा, जिसके बाद हॉज (18 बाउंड्री के साथ नाबाद 140 रन) ने आमिर जंगू (नाबाद 20) के साथ चौथे विकेट के लिए 61 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। इस पारी में तैजुल इस्लाम 2 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि मेहदी हसन मिराज ने 1 विकेट निकाला है।
--आईएएनएस
आरएसजी
