Aapka Rajasthan

दूसरा वनडे: प्रतीका रावल और हरमनप्रीत कौर का अर्धशतक, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 252 रन का लक्ष्य

होबार्ट, 27 फरवरी (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला निंजा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 251 रन बनाए हैं।
 
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। प्रतीका रावल और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की थी। मंधाना 37 गेंद पर 4 चौकों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा रोड्रिग्स भी मात्र 11 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद तीसरे विकेट के रूप में प्रतीका 52 और चौथे विकेट के रूप में दीप्ति शर्मा 1 रन बनाकर आउट हो गईं।

103 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को कप्तान हरमनप्रीत कौर ने संभाला और छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम का स्कोर 9 विकेट पर 251 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। हरमन आठवें विकेट के रूप में आउट हुईं। दाएं हाथ की इस अनुभवी बल्लेबाज ने 70 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली।

अमनजोत कौर ने 13, ऋचा घोष ने 22, काश्वी गौतम ने 25 और क्रांति गौड़ ने 19 रन की पारी खेली। अपना डेब्यू कर रही वैष्णवी शर्मा 5 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहीं।

ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर और अलाना किंग ने शानदार गेंदबाजी की। गार्डनर ने 10 ओवर में 39 रन देकर 2 और अलाना किंग ने 10 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट लिए। एनाबेल सदरलैंड ने भी 7 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए। मेगन स्कट और निकोला कैरी को 1-1 विकेट मिला।

भारतीय टीम सीरीज का पहला मुकाबला हार चुकी है। इस मैच को जीतकर टीम के पास सीरीज में बराबरी का मौका है।

--आईएएनएस

पीएके