डीएमके की राह पर चल रही भाजपा, तमिलनाडु की जनता नहीं देगी वोट : टीकेएस एलंगोवन
चेन्नई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए गठबंधन पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों में लोग भाजपा को वोट नहीं करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से भाजपा के चुनावी 'संकल्प-पत्र' में महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए 3 हजार रुपए के मासिक भत्ते की घोषणा पर टीकेएस एलंगोवन ने कहा, "यह दिखाता है कि वे हारने वाले हैं। उन्हें लगता है कि केवल इन घोषणाओं से ही वे कुछ सीटें जीत सकते हैं। अब उनकी असली तस्वीर सामने आ गई है।"
डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने आईएएनएस से बात करते हुए आगे कहा, "उन्होंने (भाजपा) अपने घोषणा-पत्र में पहले कभी इसका जिक्र नहीं किया था। अचानक यह घोषणा इसलिए की गई, क्योंकि वे जानते हैं कि अन्यथा लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। और फिर भी इन राज्यों में लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। ये सभी एंटी-भाजपा राज्य हैं।"
एलंगोवन ने कहा कि हमने यह पहल पहले की थी और वे (भाजपा) सोचते हैं कि हमें इसका अनुसरण करना चाहिए। इसलिए वे हमारी राह पर चल रहे हैं। इसमें हम खुश हैं और हम इसे अच्छे से कर रहे हैं। जनता हमारे साथ है।"
उन्होंने कहा कि यह पहल गरीब महिलाओं के लिए है। किसी भी लोकतांत्रिक सरकार का कर्तव्य है कि वह अपने नागरिकों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करे। यही सरकार की जिम्मेदारी है।
'जननायकन' फिल्म के ऑनलाइन लीक होने पर टीवीके नेता आधव अर्जुन की ओर से भाजपा और डीएमके पर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा, "देखिए, जब आधव अर्जुन बोलते हैं, तो आपको समझना चाहिए कि वह झूठ बोलने वाले हैं। जो कुछ भी वह कहते हैं, वह झूठ है। आपको इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह केवल अपने मालिकों को खुश करना चाहते हैं। यही कारण है कि वे राजनीति में चमक नहीं पा रहे हैं। आज की राजनीति में आधव अर्जुन सबसे बड़ा झूठा हैं।"
भाजपा नेता अन्नामलाई पर डीएमके प्रवक्ता ने कहा, "एआईएडीएमके ने इस राज्य में क्या अच्छा किया? उन्हें बताना चाहिए। हमने इतने सारे अच्छे काम किए हैं। तमिलनाडु आज आईटी पार्क के रूप में खड़ा है क्योंकि कलानर ने इसकी शुरुआत की। उन्होंने टाइडल पार्क शुरू किया, जो अब सबसे बड़े आईटी पार्कों में से एक बन गया है। आज तमिलनाडु भारत में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में सबसे आगे है।"
एलंगोवन ने आगे कहा, "हमने महिलाओं को पारिवारिक संपत्ति में अधिकार दिए। पहले यह केवल पुरुषों और बेटों के लिए था। हमने यह किया। हमने राज्य में कई अच्छे योजनाएं लागू की हैं। एआईएडीएमके ने कौन सी अच्छी योजना लागू की? अन्नामलाई को यह बताना चाहिए कि एआईएडीएमके ने जनता के लिए क्या किया।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
