Aapka Rajasthan

ग्रेटर नोएडा : डीएम कार्यालय को ई-मेल से बम की धमकी, घंटों चली सघन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

ग्रेटर नोएडा, 13 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के जिला अधिकारी (डीएम) कार्यालय को सोमवार (13 जुलाई 2026) को ई-मेल के माध्यम से बम होने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड), फायर ब्रिगेड, एंटी सबोटाज (ए.एस.) चेकिंग टीम तथा डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
 

ग्रेटर नोएडा, 13 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के जिला अधिकारी (डीएम) कार्यालय को सोमवार (13 जुलाई 2026) को ई-मेल के माध्यम से बम होने की धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड), फायर ब्रिगेड, एंटी सबोटाज (ए.एस.) चेकिंग टीम तथा डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, ई-मेल के जरिए मिली धमकी को गंभीरता से लेते हुए थाना सूरजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। डीएम कार्यालय के भीतर और आसपास के सभी महत्वपूर्ण हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने भवन के प्रत्येक फ्लोर, कार्यालय कक्षों, पार्किंग क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते समाप्त किया जा सके।

जांच के दौरान बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वाड ने आधुनिक उपकरणों की मदद से पूरे परिसर की तलाशी ली। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर तैनात रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है और न ही किसी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति सामने आई है। पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा डीएम कार्यालय परिसर में शांति व्यवस्था कायम है।

हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा परिसर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही धमकी भरे ई-मेल की सत्यता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। तकनीकी विशेषज्ञ ई-मेल की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस स्थान और किस माध्यम से भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और किसी भी भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सभी सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं और स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस