दिव्या भारती की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं ममता कुलकर्णी, कहा-'वो 90 के दशक की चमकती सितारा थीं'
मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में कुछ सितारे ऐसे होते हैं, जो भले ही कम समय के लिए चमकते हैं, लेकिन उनकी रोशनी सालों तक लोगों के दिलों में बनी रहती है। ऐसी ही एक नाम है दिव्या भारती, जिनकी अचानक हुई मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आज भी उनकी फिल्में और उनका चेहरा लोगों के दिलों में जिंदा है। उनकी पुण्यतिथि के मौके पर अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में उन्होंने दिव्या के लिए अपने दिल की बात कही और उनके अधूरे सफर को याद किया।
ममता कुलकर्णी ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर एक ब्लैक एंड वाइट तस्वीर साझा की, जिसमें दिव्या भारती की फोटो एक फ्रेम के अंदर सजी हुई नजर आ रही है। इस तस्वीर के पास एक जलती हुई मोमबत्ती रखी है। साथ ही लाल गुलाब के फूल भी रखे हुए दिख रहे हैं। तस्वीर के नीचे उनके जन्म और निधन की तारीख लिखी हुई है।
इस पोस्ट के साथ ममता कुलकर्णी ने लिखा, "दिव्या अपने आप में एक बड़ी सितारा थीं और नब्बे के दशक में फिल्म इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत और खास अभिनेत्री में से एक थीं। आज के ही दिन उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था।''
अगर दिव्या भारती के करियर की बात करें, तो उन्होंने बहुत कम उम्र में ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली थी। उन्होंने टीनएजर में ही अपने करियर की शुरुआत की और सबसे पहले दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम किया, जहां उन्हें बड़ी सफलता मिली।
इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा की ओर रुख किया, और उनकी फिल्म 'दीवाना' ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू का सम्मान भी मिला। इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, जहां उनकी खूबसूरती, मासूमियत और शानदार अभिनय को खूब सराहा गया।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
