दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए अनु मलिक, बोले- 'उनके साथ हमारा रिश्ता परिवार जैसा था'
मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। संगीतकार अनु मलिक ने अभिनेता धर्मेंद्र के साथ अपने रिश्ते, पुराने दिनों की यादों और उनके परिवार से जुड़ी कई बातों को आईएएनएस संग साझा किया। अनु मलिक ने बताया कि धर्मेंद्र और उनके परिवार के साथ उनका रिश्ता अपनेपन से भरा था। उन्होंने कहा कि देओल परिवार के घर उनका हमेशा आना-जाना लगा रहता था और धर्मेंद्र उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते थे।
आईएएनएस से बात करते हुए अनु मलिक ने कहा, ''सनी देओल की शुरुआती फिल्म 'सोनी महिवाल' के गानों पर मैंने काम किया था। धर्मेंद्र को मेरे बनाए मेलोडी गाने बेहद पसंद आते थे। मैं और धर्मेंद्र अक्सर साथ बैठकर मस्ती किया करते थे। एक दिन धर्मेंद्र जी ने कहा था कि अब कुछ ऐसा गाना बनाओ जो तड़कता-भड़कता हो और लोगों को झूमने पर मजबूर कर दे। इसी बातचीत के बाद मैंने मशहूर गाना 'टिंकू जिया' तैयार किया। धर्मेंद्र हमेशा मेरा संगीत सुनकर उत्साहित रहते थे और नए गानों पर खुलकर अपनी राय देते थे।''
अनु मलिक ने बताया कि वह धर्मेंद्र की फिल्मों और उनके गानों को देखकर बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, "बचपन से ही मैं धर्मेंद्र के अभिनय और स्क्रीन प्रेजेंस का दीवाना रहा हूं। मैं अक्सर धर्मेंद्र से उनके पुराने गानों और फिल्मों की शूटिंग के किस्से पूछा करता था। खासकर मशहूर गीत 'आज मौसम बड़ा बेईमान है' की शूटिंग को लेकर मेरी काफी दिलचस्पी रहती थी। जब भी मैं इस गाने का जिक्र करता, धर्मेंद्र जी बस मुस्कुरा देते थे। उनके चेहरे की मुस्कान आज भी यादों में बसी हुई है।''
बातचीत के दौरान अनु मलिक ने हेमा मालिनी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि फिल्म 'मार्ग' के दौरान हेमा मालिनी को उनका काम काफी पसंद आया था। अनु मलिक ने कहा, ''मैं खुद हेमा मालिनी की प्रतिभा और मेहनत को देखकर हैरान रह जाता था। वह सिर्फ खूबसूरत अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि बेहद मेहनती कलाकार भी हैं। मैं उनकी जितनी तारीफ करूं, उतनी कम है।''
धर्मेंद्र को मरणोपरांत मिले 'पद्म विभूषण' सम्मान और उसे स्वीकार करते हुए हेमा मालिनी के भावुक पलों पर अनु मलिक ने कहा कि उस वक्त मैं काफी भावुक हो गया था। अवॉर्ड मिलते देख जब अहाना रो रही थीं, उन्हें देखकर मैं खुद को इमोशनल होने से रोक नहीं पाया। यह हमारे लिए गर्व का पल था।
अगर अनु मलिक के संगीत करियर की बात करें, तो उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट गाने दिए हैं। 90 के दशक से लेकर 2000 तक उनके संगीत का अलग ही दौर रहा। 'बाजीगर ओ बाजीगर', 'ये काली काली आंखें', 'चुरा के दिल मेरा', 'संदेशे आते हैं', 'तुमसे मिलके दिल का है जो हाल', 'गोरी गोरी', 'इश्क कमीना', 'मोह मोह के धागे' और 'एक गरम चाय की प्याली हो' जैसे कई गाने आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। उन्होंने शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार और सनी देओल जैसे कई बड़े सितारों की फिल्मों में संगीत देकर उन्हें यादगार बनाया। अनु मलिक को 'रिफ्यूजी' और 'मैं हूं ना' जैसी फिल्मों के संगीत के लिए कई बड़े पुरस्कार भी मिले।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम
