Aapka Rajasthan

दिल्ली में पटाखा फटने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों और आग लगने की घटनाओं ने दिल्ली से लेकर मुंबई तक चिंता बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला में पटाखा फोड़ने के दौरान एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं, मुंबई में दिवाली के मौके पर आग लगने की 25 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं।
 

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाले हादसों और आग लगने की घटनाओं ने दिल्ली से लेकर मुंबई तक चिंता बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला में पटाखा फोड़ने के दौरान एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वहीं, मुंबई में दिवाली के मौके पर आग लगने की 25 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोमवार, 9 नवंबर को नरेला में एक 10 वर्षीय बच्चा पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान पटाखा उसके हाथ में ही फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद बच्चे को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे के हाथ में कौन सा पटाखा फटा था और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ। मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

इस बीच, दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रविवार शाम एक रबर फैक्ट्री में आग लगने की घटना भी सामने आई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, रविवार रात करीब 8:33 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई की। इसके बाद मौके पर कूलिंग ऑपरेशन भी जारी रहे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

उधर, मुंबई में भी दिवाली के दौरान आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। अब तक शहर के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की 25 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें अंधेरी, डोंगरी, कांदिवली और विद्याविहार समेत कई इलाके शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि इन घटनाओं में पटाखों के साथ-साथ अन्य कारणों से भी आग लगी। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद मुंबई दमकल विभाग की टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया।

दिवाली के दौरान सामने आई इन घटनाओं ने एक बार फिर पटाखों के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने और आग से बचाव के इंतजामों की जरूरत को रेखांकित किया है। खासकर बच्चों को पटाखे चलाते समय अकेला नहीं छोड़ने और सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने की आवश्यकता है।

--आईएएनएस

डीएससी