दिल्ली के मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, महिला पत्रकार से अभद्रता का लगाया गंभीर आरोप
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी पर महिला पत्रकार और महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता का आरोप लगाया है।
मंत्री सिरसा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "कांग्रेस और राहुल गांधी का घिनौना, महिला-विरोधी चेहरा एक बार फिर देश के सामने उजागर हो चुका है। ड्यूटी निभा रही तीन महीने की गर्भवती महिला पत्रकार ऋचा पाराशर को खुद राहुल गांधी ने धक्का दिया, अभद्रता की, जिसके बाद वे अस्पताल में इलाज करा रही हैं। एक गर्भवती महिला पर यह हमला जितना निंदनीय है, उतना ही शर्मनाक भी।"
उन्होंने आगे लिखा, "हद तो तब पार हो गई जब राहुल गांधी खुद एक महिला पुलिस कांस्टेबल को धक्का देते और अनुचित तरीके से छूते हुए कैमरे में कैद हुए। वहीं इनके गुंडों ने भी महिला पुलिसकर्मी को मारा-पीटा और बेशर्मी देखिए कि उसी हिंसा का वीडियो अपने हैंडल से डालकर छाती पीट रहे हैं।"
सिरसा ने कांग्रेस के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जेएनयू में बेटियों के यौन शोषण पर मौन रहने वाले राहुल-प्रियंका का यह नारा अब बेनकाब हो चुका है। उन्होंने लिखा, "सिर्फ खोखले नारे लगाने से महिलाओं का सम्मान नहीं होता। अपनी इन आपराधिक हरकतों से भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा बन चुके राहुल गांधी को पीड़ित महिलाओं की चीखें और दर्द कभी समझ नहीं आएगा।"
अपनी पोस्ट के अंत में मंत्री ने कहा, "लोकतंत्र और नारी सम्मान का चीरहरण करने वाली इस नीच राजनीति का हिसाब देश की जनता जरूर करेगी। देश सब देख रहा है।"
बता दें कि यह पूरा मामला हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान का बताया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान एक महिला पत्रकार के घायल होने की खबर सामने आई थी। वहीं महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
--आईएएनएस
एससीएच
