Aapka Rajasthan

डिजिटल इंडिया से बदला भारत का वित्तीय परिदृश्य, यूपीआई से 49 फीसदी रियल-टाइम ट्रांजैक्शन: नन्दी

लखनऊ, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘मनी अल्फा 360° समिट’ में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को दुनिया की सबसे मजबूत डिजिटल सार्वजनिक संरचना के रूप में स्थापित कर दिया है, जहां यूपीआई के जरिए वैश्विक स्तर पर 49 प्रतिशत रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन हो रहा है।
 
डिजिटल इंडिया से बदला भारत का वित्तीय परिदृश्य, यूपीआई से 49 फीसदी रियल-टाइम ट्रांजैक्शन: नन्दी

लखनऊ, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘मनी अल्फा 360° समिट’ में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने भारत को दुनिया की सबसे मजबूत डिजिटल सार्वजनिक संरचना के रूप में स्थापित कर दिया है, जहां यूपीआई के जरिए वैश्विक स्तर पर 49 प्रतिशत रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शुक्रवार को कहा कि भारत ने नकद आधारित अर्थव्यवस्था से डिजिटल वित्तीय शक्ति बनने तक अभूतपूर्व यात्रा तय की है और आज डिजिटल भुगतान देश के आर्थिक इकोसिस्टम का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘मनी अल्फा 360° समिट’ का उद्घाटन करते हुए नन्दी ने कहा कि एक समय था जब वित्तीय लेन-देन पूरी तरह कागजों और फिजिकल प्रक्रियाओं पर आधारित था, जिसमें लंबी कतारें और धीमी कार्यशैली आम बात थी।

उन्होंने कहा कि आज का दौर पूरी तरह बदल चुका है, जहां वित्तीय गतिविधियां तेज, पारदर्शी और समावेशी हो गई हैं। नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन का ही परिणाम है कि भारत आज दुनिया की सबसे मजबूत डिजिटल सार्वजनिक संरचना के रूप में उभरा है।

उन्होंने बताया कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से भारत आज विश्व का लगभग 49 प्रतिशत रियल-टाइम डिजिटल लेन-देन कर रहा है, जो देश की तकनीकी क्षमता और भरोसे को दर्शाता है। मंत्री ने कहा कि डिजिटल भुगतान केवल सुविधा नहीं, बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन चुका है। आज छोटे विक्रेता, रेहड़ी-पटरी और चाय दुकानदार तक क्यूआर कोड के जरिए भुगतान स्वीकार कर रहे हैं, जबकि बड़े निवेशक वैश्विक स्तर पर आसानी से पूंजी का आदान-प्रदान कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लॉकचेन और फिनटेक के माध्यम से भारत एक पारदर्शी और समावेशी वित्तीय प्रणाली की ओर तेजी से बढ़ रहा है। नन्दी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है और इस तरह के समिट नवाचार व निवेश को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक ने न केवल वित्त की गति को बढ़ाया है, बल्कि उसकी सीमाओं को भी विस्तारित किया है। तेजी से बदलती दुनिया में वही आगे बढ़ेगा, जो समय के साथ खुद को ढाल सकेगा। नन्दी ने कहा कि ‘मनी अल्फा 360° समिट’ जैसे प्लेटफॉर्म अब विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुके हैं, जो डिजिटल अर्थव्यवस्था के भविष्य को दिशा देने का काम कर रहे हैं।

--आईएएनएस

विकेटी/डीएससी