दिग्गज कलाकार रमाकांत दायमा ने दुनिया को कहा अलविदा, कई महीनों से थे बीमार
मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। मशहूर और दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा का 26 मई को निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। अभिनेता की करीबी दोस्त और सह-कलाकार अभिनेत्री शुभांगी लाटकर ने इंस्टाग्राम के जरिए इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने अभिनेता का एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह दूसरे कलाकारों के साथ मस्ती में गाते और नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए शुभांगी ने उनके असमय जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, "हमने एक बहुत शानदार और जिंदादिल इंसान को खो दिया है। मेरे पास इस दुख को बयां करने के लिए शब्द नहीं है। रमाकांत जी सिर्फ मेरे करीबी दोस्त या परिवार जैसे नहीं थे बल्कि वह एक ऐसे इंसान थे, जिनके लिए मेरे दिल में बेहद सम्मान था। उन्होंने अपने जीवन में हर मुश्किल का सामना हंसते हुए किया।"
शुभांगी ने बताया कि रमाकांत भले ही कद-काठी में छोटे थे लेकिन उनका हौसला और हिम्मत बहुत बड़ा था। उन्होंने लिखा, "वह शानदार डांसर, बेहतरीन गायक और उम्दा अभिनेता थे। मेरे लिए वह एक समझदार सलाहकार भी थे, जिनकी हर बात दिल को छू जाती थी। हम जानते थे कि वह कई महीनों से बीमार थे, लेकिन दिल कहीं न कहीं उम्मीद लगाए बैठा था।"
उन्होंने कहा, "हमारे कई सपने अधूरे रह गए। वर्षों बाद मैं फिर उनके साथ काम करना चाहती थी। हमने साथ में एक खूबसूरत हिंदी नाटक करने की योजना बनाई थी। जब मैंने उनसे कहा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था, 'बस जल्दी ठीक हो जाऊं।' हमने मंच पर साथ मिलकर कविताएं प्रस्तुत करने की भी योजना बनाई थी लेकिन वह सपना भी अधूरा रह गया।
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के आखिरी में अभिनेता के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए लिखा, "कुछ लोगों के जाने के बाद ऐसी खामोशी छोड़ जाते हैं, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। आज का दिन भी वैसा ही है। रामाकांत जी, आपकी कमी हमेशा महसूस होगी। आपकी गर्मजोशी, हिम्मत, कला और खूबसूरत व्यक्तित्व हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगा। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
