ध्रुव जुरेल भविष्य में और बेहतर होंगे, उनमें बहुत क्षमता है: अंबाती रायुडू
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में मंगलवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच मुकाबला खेला गया। आरआर ने वैभव सूर्यवंशी की 93 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत मैच 7 विकेट से जीत लिया। आरआर के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने भी 38 गेंदों पर नाबाद 53 रन की पारी खेली, लेकिन वैभव की पारी के आगे उनकी पारी दब गई। हालांकि अंबाती रायुडू ने ध्रुव जुरेल की पारी की प्रशंसा की।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के कार्यक्रम टाइम आउट पर अंबाती रायुडू ने कहा, "मुझे लगता है कि उनकी बल्लेबाजी में कम से कम चार या पांच लेवल और बेहतर करने हैं। मुझे लगता है कि वह एक ऐसा लड़का है जिसमें बहुत ज्यादा क्षमता है। उसकी तकनीक बहुत अच्छी है। उसे बस अपने बैट स्विंग को थोड़ा फ्री करने की जरूरत है। मुझे यकीन है कि वह ऑफ-सीजन में या जब भी उसे समय मिलेगा, कोच के साथ काम करेगा और अभी से कहीं बेहतर हो जाएगा।"
रायुडू ने कहा, "जुरेल का टेम्परामेंट टॉप-क्लास है। पेस के खिलाफ वह काफी सहज हैं। वह स्पिन को अच्छी तरह खेलता है, लेंथ को अच्छी तरह पढ़ता है, विकेटों के बीच अच्छी तरह दौड़ता है। मुझे लगता है कि वह एक कम्प्लीट पैकेज हैं जिसे बस ठीक से अनलॉक करने और ट्रेन करने की जरूरत है।"
ध्रुव जुरेल वैभव सूर्यवंशी के बाद आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से दूसरे सफल बल्लेबाज हैं। वह आरआर मध्यक्रम के लिए एक मजबूत कड़ी के रूप में उभरे हैं और टीम के लिए एंकर रोल निभाते रहे हैं। जुरेल 13 मैचों की 13 पारियों में 420 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक आए हैं। जुरेल ने सीजन में 19 छक्के और 38 चौके लगाए हैं।
--आईएएनएस
पीएके
