Aapka Rajasthan

धोनी विज्ञापन में दिखते थे, मैं उनकी तस्वीर डायरी में रखता था: संजू सैमसन

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का साथ छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) जाने के उनके फैसले के पीछे एमएस धोनी का प्रभाव और उनके साथ खेलने की प्रबल इच्छा बड़ी वजह थी।
 

नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का साथ छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) जाने के उनके फैसले के पीछे एमएस धोनी का प्रभाव और उनके साथ खेलने की प्रबल इच्छा बड़ी वजह थी।

सैमसन ने जियोस्टार के शो 'सुपरस्टार्स' पर कहा, "सीएसके में जाने के पीछे उनकी इच्छा अपने बचपन के आदर्श खिलाड़ी के साथ मैदान साझा करने की थी। धोनी फिटनेस की समस्याओं के कारण आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए। इस वजह से मुझे उनके साथ खेलने का मौका नहीं मिला।"

संजू ने कहा, "मैं जब स्कूल में था, माही भाई ने भारतीय टीम में जगह बनाई थी। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली ने मुझे आकर्षित किया। मैंने उन्हें करीब से फॉलो करना शुरू कर दिया। वे विज्ञापनों में दिखाई देते थे, और मैं उनकी तस्वीर काटकर अपनी डायरी में चिपका लेता था। हर बच्चे का कोई न कोई आदर्श होता है, और धोनी मेरे आदर्श थे। बचपन में, मैं हर दिन भारत का खेल देखता था। माही भाई कप्तानी करते थे और मैच जीतते थे। मैं यह सोचकर सोता था कि मुझे भी एक दिन खेलना है। मैं उनके साथ बल्लेबाजी करने, साझेदारी बनाने और उनके साथ फील्डिंग करने का सपना देखता था।"

उन्होंने कहा, "अब मैं सीएसके में शामिल हो गया हूं। मुझे लगा कि किस्मत मुझे यहां ले आई है और आखिरकार मुझे उनके साथ खेलने का मौका मिलेगा। लेकिन दुर्भाग्य से, इस बार वह फिट नहीं थे। उन्हें काफ (पिंडली) में चोट लग गई थी। लेकिन सपना अभी भी जिंदा है। देखते हैं अगले साल क्या होता है।"

बता दें कि एमएस धोनी इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 में सीएसके के लिए एक भी मैच नहीं खेल पाए। 45 साल के हो चुके धोनी के अगले साल आईपीएल में खेलने की संभावना है। ऐसे में संजू का उनके साथ खेलने का सपना पूरा हो सकता है।

सीएसके में धोनी के बाद बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान के रूप में भी पहली पसंद के रूप में उभरे सैमसन ने आईपीएल 2026 में 14 मैचों की 14 पारियों में 2 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 477 रन बनाए थे।

--आईएएनएस

पीएके