'धार्मिक शख्सियत को दबाना बर्दाश्त नहीं,' मौलाना कासमी को पुलिस के समन पर भड़की पीडीपी
श्रीनगर, 28 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में 'वंदे मातरम' बजाए जाने के विरोध के बाद धार्मिक नेता मौलाना रहमतुल्लाह कासमी के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस कार्रवाई को धार्मिक शख्सियत को दबाने का प्रयास बताया और कहा कि इस तरह के कदम से जम्मू-कश्मीर के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मौलाना कासमी साहब को पुलिस ने तलब किया था। हम इस कार्रवाई की पुरजोर शब्दों में निंदा करते हैं। जिस तरह से एक धार्मिक शख्सियत को दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। धार्मिक नेतृत्व का सम्मान करना हर सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन यहां इसके उल्टा हो रहा है।"
उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड का काम लोगों की धार्मिक जरूरतों को पूरा करना है, न कि उन पर कोई विचार थोपना। हालांकि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के जरिए एक ऐसा प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है, जिससे यहां की इस्लामिक पहचान को बदलने की कोशिश की जा रही है। ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार को यहां की इस्लामिक परंपरा से कहीं न कहीं तकलीफ है।
आगा मुंतजिर मेहदी ने कहा कि जिस तरह से सदियों से यहां इस्लामिक परंपरा चली आ रही है, वही आगे भी चलेगी। आप यहां के उलेमाओं को कितना भी दबाव में लाने की कोशिश करें, आप अपने मकसद में कामयाब नहीं होंगे। यहां की इस्लामिक ज्यूरिसप्रूडेंस और इस्लाम की स्पेस को एनक्रोच करने या उसकी हैयत को बदलने का जो प्रोजेक्ट है, वह कभी सफल नहीं होगा। कश्मीर की धार्मिक पहचान को किसी बाहरी दबाव से बदला नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि हमारी मजहबी कियादत की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि जहां-जहां उन्हें लगे कि इस्लाम की स्पेस को एनक्रोच किया जा रहा है, वहां वे इस्लाम की हिफाजत करने के लिए आगे आएं। यह उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि अगर रहमतुल्लाह कासमी साहब ने दीन-ए-हक और दीन-ए-इस्लाम के बचाव में कोई बात कही है, तो उन्हें यह ताकत संविधान का अनुच्छेद 25 और अनुच्छेद 26 देता है।
आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने परिसीमन विधेयक की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि एक ही पार्टी को पूरे देश में जगह देने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बीजेपी को सत्ता में लाने के लिए एसआईआर का इस्तेमाल किया गया। अब उन्हें लग रहा है कि इससे उनका हिंदुत्व एजेंडा पूरा नहीं हो रहा है, इसलिए अब वे संसद के जरिए आए हैं। अब वे बिलों और कानूनों के जरिए हिंदुत्व एजेंडा को पूरे देश पर थोपना चाहते हैं। यह उसी कोशिश की एक कड़ी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी पार्टियों को बराबर जगह मिलनी चाहिए लेकिन मौजूदा कोशिशें एकतरफा लग रही हैं। परिसीमन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सभी दलों को विश्वास में लेना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
