धर्मेंद्र प्रधान से मिले सीएम सावंत, नेप 2020 के नतीजों पर की चर्चा
नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कर राज्य के विकास, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि उनकी गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (नेप) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और गोवा के युवाओं के लिए कौशल विकास के अवसरों को बढ़ाने पर विशेष जिक्र किया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को आगे बढ़ाने और मानव संसाधनों के बेहतर विकास के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
बता दें कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह नीति पहुंच, समानता, गुणवत्ता, किफायती शिक्षा और जवाबदेही जैसे पांच प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। इसके तहत बहु-विषयक शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक लचीलापन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ भी बैठक कर नेप 2020 के क्रियान्वयन की समीक्षा की थी। इसका उद्देश्य 'विकसित भारत 2047' के विजन को साकार करने की दिशा में विश्वविद्यालयों की प्रगति का आकलन करना था।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी भेंट की। सीएम सावंत ने 'एक्स' पर बताया कि बैठक में गोवा में रेलवे और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्षेत्र की पहलों पर चर्चा हुई। उन्होंने विशेष रूप से ट्यूम ईएमसी परियोजना के लिए सहयोग का मुद्दा उठाया और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
