Aapka Rajasthan

धार-झाबुआ के 72 हजार किसानों को मिलेगा सिंचाई परियोजना का लाभ: सीएम मोहन यादव

धार, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार और झाबुआ जिले के लगभग 72 हजार किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
 

धार, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार और झाबुआ जिले के लगभग 72 हजार किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिंचाई परियोजना की सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश में सरदार सरोवर बांध के बाद अलग-अलग परियोजनाओं के माध्यम से धार-झाबुआ क्षेत्र को पर्याप्त जल उपलब्ध हो रहा है। क्षेत्र के किसानों को 2387.60 करोड़ रूपए से अधिक लागत की नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात मिली है।

प्रदेश में वर्ष 2002-03 तक केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी। सिंचाई का रकबा वर्ष 2023 तक सिंचाई रकबा बढ़कर 40 लाख हैक्टेयर हो गया। अब पिछले ढाई साल में हमारी सरकार ने सिंचाई का रकबा 60 लाख हैक्टेयर तक पहुंचाया है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा 100 लाख हैक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। सूखे खेतों को जब पानी मिलता है तो किसानों की फसल सोने जैसे चमकने लगती है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार कृषि, उद्योग सहित प्रत्येक सेक्टर में काम कर रही है। प्रदेश के किसानों की समृद्धि ही हमारा ध्येय है। किसान कल्याण वर्ष में किसानों के हित में अनेक कार्य हुए हैं। आज प्रदेश के 16 लाख 70 हजार किसानों को दीवाली त्यौहार से पहले 317.86 करोड़ की राशि भेजकर सौगात दी गई है। मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं। अब धार को भी रेलवे लाइन की सौगात मिल चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी ने धार में अपने जन्मदिन पर पीएम मित्र पार्क की बड़ी सौगात दी।

इस परियोजना से निमाड़-मालवा क्षेत्र के लगभग 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। अब एक ही स्थान पर कपास से धागा, धागे से कपड़ा और कपड़े से रेडीमेड गारमेंट्स तैयार किए जाएंगे। यहां के धागे से निर्मित वस्त्रों का निर्यात भी होगा। प्रदेश के 3 लाख लोगों को पीएम मित्र पार्क से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। अब धार-झाबुआ के युवा, किसान और महिलाएं पलायन को विवश नहीं होंगे, इस सिंचाई परियोजना से दोनों जिलों के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और करीब 72 हजार किसान लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि अमका-झमका माता के स्थान को श्रीकृष्ण पाथेय योजना में शामिल कर तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। धार जिले के इसी स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण ने माता रुकमणि से विवाह किया था। केंद्रीय महिला बाल-विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश में डबल इंजन सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास सहित हर क्षेत्र में कार्य कर रही है।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं धार जिले के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेश की 100 लाख हैक्टेयर भूमि को सिंचित करने का संकल्प लिया है। आज माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के 72 हजार किसान लाभान्वित हुए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि धार, झाबुआ, पेटलावद, थांदला, सरदारपुर को माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण से सिंचाई के लिए माँ नर्मदा का जल मिलेगा।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएमटी