Aapka Rajasthan

धनबाद में अवैध कोयला खदान की चाल धंसी, महिला समेत दो की मौत, कई के दबे होने की आशंका

धनबाद, 13 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के कतरास में रविवार सुबह अवैध कोयला खदान की चाल धंसने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत की सूचना है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में तीन लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है, जबकि मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में सुबह करीब सात बजे हुआ।
 
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ महिला और पुरुष अवैध सुरंग में कोयला काटने और चुनने गए थे। इसी दौरान सुरंग का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया और कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुदाल, गैंता समेत दूसरे साधनों से मलबा हटाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दो लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी एक व्यक्ति शामिल बताए जा रहे हैं।

तीन घायलों को भी बाहर निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे अभी कई और लोग दबे हो सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए राहत और बचाव का काम जारी है। बताया जा रहा है कि इस इलाके की अवैध सुरंगों से निकाले गए कोयले को बाइक के जरिए आसपास के बाजारों में बेचा जाता था। हादसे के समय भी लोग इसी तरह कोयला काटने और चुनने के लिए सुरंग में गए थे।

हालांकि, घटना में दो लोगों की मौत और अन्य लोगों के दबे होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की जांच और राहत-बचाव अभियान के बाद ही मृतकों और घायलों की संख्या के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम