Aapka Rajasthan

छत्तीसगढ़ : धमतरी में 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत बड़ी कार्रवाई, 8 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

रायपुर/धमतरी, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। कुरुद पुलिस ने धमतरी जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 किलोग्राम गांजा, एक कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
 

रायपुर/धमतरी, 10 अक्‍टूबर (आईएएनएस)। कुरुद पुलिस ने धमतरी जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 किलोग्राम गांजा, एक कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.98 लाख रुपए आंकी गई है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नारी-कुरुद रोड स्थित भरदा चौक के आगे घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। इसके बाद रोके गए वाहन की तलाशी ली गई। पुलिस की तलाशी अभियान के दौरान वाहन से 8 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से आरोपी रामनाथ अंसारी (46 वर्ष), निवासी गोबरा, थाना कुरुद, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपए, कार की कीमत 4 लाख रुपए तथा मोबाइल फोन की कीमत 18 हजार रुपए है। इस प्रकार कुल जब्त सामग्री की कीमत 4 लाख 98 हजार रुपए आंकी गई है।

इसको लेकर थाना कुरुद में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया कर रही है।

धमतरी पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी किसी भी जानकारी की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम