देवघर में फंदे से लटकी मिली महिला, परिजनों ने पति पर लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप
देवघर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव मंगलवार को घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान रेणु देवी के रूप में हुई है। उसके भाई विजय कुमार के मुताबिक, रेणु की शादी करीब 15 वर्ष पहले दिलीप तांती से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। दिलीप दिल्ली में रहकर खाना बनाने का काम करता है।
विजय कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही रेणु को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। विजय के अनुसार, रेणु ने कई बार अपने मायके वालों को इस बारे में बताया था। शिकायत मिलने पर परिवार के सदस्य उसके ससुराल पहुंचते थे और दोनों पक्षों को समझाकर लौट आते थे।
मृतका के भाई का आरोप है कि दिलीप घटना से एक दिन पहले ही दिल्ली से गांव लौटा था। उसने दावा किया कि नशे की हालत में दिलीप ने रेणु के साथ मारपीट की और पैसे की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के तहत घटना की परिस्थितियों और परिजनों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। रिपोर्ट और जांच से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
