देवभूमि उत्तराखंड में निकली गोलू देवता की भव्य यात्रा, 4 मई को पहुंचेगी अल्मोड़ा
अल्मोड़ा, 2 मई (आईएएनएस)। देवभूमि उत्तराखंड में आस्था का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले गोलू देवता की यात्रा इस वर्ष भी भव्य रूप से निकाली जा रही है। यह यात्रा 19 अप्रैल को शुरू हो चुकी है और 4 मई को अल्मोड़ा पहुंचेगी।
आयोजकों के अनुसार, गोलू देवता की यह यात्रा सनातन धर्म की आस्था को मजबूत करने और लोगों में श्रद्धा का संचार करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। 4 मई को यात्रा सिद्ध नौला से शुरू होकर अल्मोड़ा के पूरे बाजार क्षेत्र से गुजरेगी। इसके बाद यह प्रसिद्ध मां नंदा देवी मंदिर के प्रांगण में पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर पहुंचने के बाद यात्रा गैराड़ स्थित गोलू देवता मंदिर के लिए रवाना होगी, जहां रात में विश्राम किया जाएगा। अगले दिन यात्रा अपने अगले गंतव्य की ओर बढ़ेगी। आयोजकों ने सभी भक्तों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हों और गोलू देवता का आशीर्वाद प्राप्त करें।
यात्रा को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रशासन के साथ अच्छा समन्वय बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और साफ-सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गोलू देवता उत्तराखंड की लोक संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। स्थानीय लोगों में इनकी पूजा बहुत लोकप्रिय है। हर वर्ष इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद है।
यह यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी जीवंत रखती है। आयोजक उम्मीद जता रहे हैं कि इस यात्रा के माध्यम से सनातन धर्म की जड़ें और मजबूत होंगी तथा नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ेगी।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी
