देश में गृहयुद्ध कराना चाहती है कांग्रेस, देश की जनता समझ चुकी है: गिरिराज सिंह
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पीएम मोदी के खिलाफ विवादित बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में गृहयुद्ध कराना चाहती है, जिसे देश की जनता समझ चुकी है
आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने वही किया है जो पूरी कांग्रेस पार्टी करती आ रही है। अब उनके साथी बहाने बना रहे हैं और कह रहे हैं कि उनका ऐसा इरादा नहीं था। मल्लिकार्जुन खड़गे पहले भी अपशब्द कह चुके हैं और अपमान कर चुके हैं। सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी, मणिशंकर अय्यर भी पूर्व में विवादित बयान दे चुके हैं। कांग्रेस ऐसा इसलिए कर रही है, क्योंकि वे इस जलन से जल रहे हैं कि एक पिछड़े वर्ग, अति पिछड़े वर्ग और एक चाय बेचने वाले का बेटा आज प्रधानमंत्री है। इसके पीछे केवल घोर हताशा के अलावा और कोई कारण नहीं है और इसी हताशा में वे देश में गृहयुद्ध भड़काना चाहते हैं और इसके लिए बाहरी ताकतों से मिले हुए हैं। यह भारत में नहीं होने वाला है। भारत में विकास की गाड़ी आगे बढ़ चुकी है।
एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन की प्रस्तावित रैली पर गिरिराज सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विरोध करने का अधिकार है। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सभी को अधिकार है, लेकिन उन्हें हिन्दुओं के त्योहार से कुछ भी लेना देना नहीं है। दीपावली के दौरान व्यापारियों को होने वाले नुकसान से भी उन्हें कुछ भी लेना देना नहीं है। हमें फर्क नहीं पड़ता है कि राहुल गांधी एक रैली करें या चार रैलियां करें। उनकी रैलियों से जिसे भी परेशानी होगी, हम जनता के हित में ही बात करेंगे।
रिजीम चेंज का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों से विपक्ष बौखला गया है। राहुल गांधी बताएं कि वे किस शासन की बदलने की बात करते हैं, कांग्रेस की सरकार में केवल 3 करोड़ घर ही बनाए गए।
दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल में लगभग 5 करोड़ घरों का निर्माण करवाया, कई और घर बनने की प्रक्रिया में हैं। यह सब सभी गरीब परिवारों को घर देने के संकल्प के कारण संभव हुआ है। राहुल गांधी बताएं कि वे आखिर किस शासन को बदलने की बात कर रहे हैं? वे किस शासन को खत्म करेंगे? क्या उस शासन को खत्म करेंगे, जिसने गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिए, 5 लाख रुपए तक के आयुष्मान कार्ड दिए।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक स्थिति को दुनिया में 10वें स्थान से ऊपर उठाकर 4वें और 6वें स्थान तक पहुंचाया गया। राहुल गांधी बताएं कि वे किस शासन को खत्म करेंगे? वे क्या खत्म करेंगे, उन्हें पूरी तरह से जनता ने नकार दिया है। सैकड़ों चुनाव हारने के बाद, अब वे 'दिमागी नक्सली' बन गए हैं और उनके असली इरादे सबके सामने आ चुके हैं। अब उन्हें लोकतंत्र में कोई भरोसा नहीं रहा। राहुल गांधी सिर्फ झूठ बोलते हैं, एसआईआर के मुद्दे पर बिहार में महीनों तक घूमे, सार्वजनिक मंच से पीएम मोदी के खिलाफ विवादिट टिप्पणी हुई। लेकिन, जनता ने चुनाव में उन्हें नकार दिया।
एसआईआर पर सिर्फ झूठ बोलते हैं। अगर उनकी बातों में दम है तो वे सबूत पेश करें। एक बार उनकी झूठ की खेती चल चुकी है, अब नहीं चलने वाली है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
