देश का वास्तविक मुद्दा वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाएं, जनसंख्या नहीं : राकेश सिन्हा
रांची, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने भाजपा पर देश के वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश का मुद्दा जनसंख्या या बच्चे पैदा करना नहीं है बल्कि इस समय प्रमुख मुद्दे वोट चोरी, राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से जुड़े सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा के नेता अलग-अलग विषयों को सामने लाते रहते हैं।
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संवैधानिक संस्थाओं को उनके दायित्व और जिम्मेदारियों का स्वतंत्र रूप से निर्वहन करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से अपना दायित्व निभाने नहीं देती, तो नरेंद्र मोदी आज देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाते।”
कांग्रेस नेता ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पूरी पार्टी ने स्मित मच्छार के साहसिक कार्य के लिए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि किसी के सम्मान का प्रदर्शन केवल पोस्टर या मार्केटिंग के जरिए नहीं किया जाता बल्कि सम्मान दिल से होना चाहिए। कांग्रेस स्मित मच्छार का सम्मान करती है।
चुनाव बहिष्कार के सवाल पर राकेश सिन्हा ने कहा कि चुनाव का बहिष्कार लोकतंत्र को मजबूत करने का रास्ता नहीं है। यदि चुनाव का बहिष्कार किया जाता है तो इससे लोकतंत्र पर सवाल खड़े होते हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए चुनाव का बहिष्कार करने के बजाय चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए संघर्ष किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के युवा भी निष्पक्ष चुनाव के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस संघर्ष का परिणाम मिलेगा। ज्ञानेश कुमार को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी “चोरी पकड़ी गई है” और कहा कि किसी प्रक्रिया का बहिष्कार करना लोकतांत्रिक समाधान नहीं है।
पाकिस्तान के साथ संबंधों और आतंकवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री मोदी पाकिस्तान के साथ बातचीत और संबंधों को लेकर अलग-अलग समय पर अलग-अलग रुख क्यों अपनाते रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के पाकिस्तान दौरे और वहां बिरयानी खाने का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बावजूद देश में कई बार आतंकी घटनाएं हुईं।
राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक के बदले दस सिर लाने की बात कही थी लेकिन बाद की परिस्थितियों को लेकर उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भारतीय सेना पाकिस्तान की धरती पर कार्रवाई कर रही थी और बड़ी संख्या में आतंकियों को निशाना बनाया जा रहा था, तब सरकार ने कथित तौर पर पीछे हटने का फैसला किया। यदि सरकार ने उस समय “सरेंडर” किया, तो उसे बाकी मुद्दों पर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
