डिप्टी एनएसए पवन कपूर ने ओमान के मेजर जनरल इदरीस से की मुलाकात, आतंकवाद-रोधी सहयोग और समुद्री मुद्दों पर चर्चा
मस्कट, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मस्कट में '11वीं भारत-ओमान रणनीतिक वार्ता' आयोजित हुई, जिसमें भारत के उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) पवन कपूर ने ओमान के एनएसए महासचिव मेजर जनरल इदरीस अब्दुलरहमान अल किंडी से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग, साइबर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा और समुद्री सहयोग पर चर्चा की तथा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता पर तालमेल बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ओमान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि डिप्टी एनएसए पवन कपूर ने 17 नवंबर को मस्कट में ओमान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव मेजर जनरल इदरीस अब्दुलरहमान अल किंदी के साथ '11वीं भारत-ओमान रणनीतिक वार्ता' की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सुरक्षा और कानून प्रवर्तन, आतंकवाद-रोधी सहयोग, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा और समुद्री क्षेत्रों में चल रहे तथा भविष्य में होने वाले सहयोग पर विस्तार से चर्चा की।
दोनों देशों ने उन क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया, जो शांति और स्थिरता को प्रभावित कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आपसी समन्वय और सहयोग को आगे भी मजबूत बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान डिप्टी एनएसए पवन कपूर ने ओमान के रॉयल ऑफिस के मंत्री जनरल सुल्तान बिन मोहम्मद अल नुआमानी से भी मुलाकात की। उन्होंने जनरल अल नुआमानी को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और संदेश भी पहुंचाया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बैठक की जानकारी साझा की।
मंत्रालय ने पोस्ट में लिखा, ''डिप्टी एनएसए पवन कपूर ने 17 नवंबर को मस्कट में ओमान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव, मेजर जनरल इदरीस अब्दुल रहमान अल किंडी के साथ 11वीं भारत-ओमान रणनीतिक वार्ता की। दोनों पक्षों ने सुरक्षा और कानून प्रवर्तन, आतंकवाद-रोधी प्रयासों, साइबर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऊर्जा और समुद्री क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।''
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
