दिल्ली: यमुना में डूबा किशोर, एनडीआरएफ और गोताखोरों का तलाशी अभियान जारी
नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के अलीपुर इलाके में झंगोला गांव के पास शुक्रवार को यमुना में डूबे 14 वर्षीय गणेश की तलाश फिर से शुरू हो गई है। एनडीआरएफ और बोट क्लब के गोताखोरों ने तलाशी का काम दोबारा शुरू किया है, लेकिन किशोर का अभी तक कुछ पता नहीं चला है।
मामले को लेकर मुंगेश कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि मुझे शुक्रवार शाम करीब 6 बजे फोन आया था कि चाची का बेटा अपने 3-4 दोस्तों के साथ यहां यमुना नदी में तैरने के लिए आया हुआ था। उनमें से एक नदी में डूब गया है, जिसका नाम गणेश है। उसका न तो अभी तक कोई खबर आई है और न ही बॉडी मिली है।
यहां रेस्क्यू टीम आई हुई है, वह गणेश को तलाशने के प्रयास में जुटी है। उन्होंने बताया कि ये लोग शुक्रवार को अपने यार-दोस्तों के साथ यह बोलकर निकल गए थे कि भाई, हमलोग बाहर घूमने जा रहे हैं। बाद में हमें पता चला कि लड़का लापता है। गणेश के साथ मौजूद लड़के ने बताया कि वह डूब गया है और तब से हम उसे ढूंढ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हम लोग मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। रेस्क्यू टीम अपने तरह से गणेश को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रही है।
--आईएएनएस
डीके
