दिल्ली: तीन स्कूटी के साथ ऑटो लिफ्टर नीरज गिरफ्तार, चोरी के चार मामले सुलझे
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना फर्श बाजार की टीम ने एक शातिर और आदतन ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा भी हुआ है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहदरा के रहने वाले नीरज उर्फ मोदी उर्फ नोडी उर्फ नॉडी (26) के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी वाहन चोरी और घर में चोरी के कुल 12 मामलों में शामिल रह चुका है।
मामले की शुरुआत 18 मार्च को हुई, जब शिकायतकर्ता राज कुमार ने अपनी स्कूटी चोरी होने की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में थाना फर्श बाजार में ई-एफआईआर संख्या 006195/26, धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए थाना फर्श बाजार की एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल अमित कुमार, दिवाकर, रवि शेखर और हेमंत शामिल थे। टीम का नेतृत्व एसएचओ इंस्पेक्टर अजय करण शर्मा कर रहे थे, जबकि एसीपी शाहदरा संजीव कुमार की निगरानी और डीसीपी शाहदरा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिससे आरोपी की पहचान नीरज उर्फ नॉडी के रूप में हुई। स्थानीय खुफिया जानकारी से उसकी पुष्टि भी हो गई।
23 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह एक चोरी की स्कूटी पर सवार था। जांच में यह वाहन थाना फर्श बाजार के एक अन्य चोरी के मामले से जुड़ा पाया गया।
गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में आरोपी ने न सिर्फ इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि तीन अन्य वाहन चोरी के मामलों में भी शामिल होने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर शाहदरा स्थित एमसीडी पार्क, एनएसए कॉलोनी से दो और चोरी के वाहन बरामद किए गए।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जिन मामलों का खुलासा हुआ है, उनमें फर्श बाजार, कृष्णा नगर और एमएस पार्क थानों में दर्ज चार अलग-अलग ई-एफआईआर शामिल हैं।
--आईएएनएस
पीएसके
