दिल्ली पुलिस की नई पहल 'थाना दिवस-जन सुनवाई', नागरिकों के लिए शिकायत समाधान का सीधा मंच
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने जनता से संवाद को मजबूत बनाने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से 'थाना दिवस-जन सुनवाई' नामक नई पहल की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के तहत नागरिकों को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं, शिकायतें, सुझाव और सुरक्षा संबंधी मुद्दे रखने का अवसर मिला है। शनिवार को सेंट्रल रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी 29 पुलिस स्टेशनों में इस पहल का पहला चरण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के विजन और पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाना है। दिल्ली पुलिस का मानना है कि आम लोगों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होने से जनता का भरोसा बढ़ेगा और शिकायतों का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
कार्यक्रम के तहत नागरिकों को एक समर्पित मंच उपलब्ध कराया गया, जहां वे पुलिस कार्यप्रणाली, सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़ी अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सके। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई या मौके पर सत्यापन की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित अधिकारियों को तुरंत सौंप दिया गया, ताकि बिना देरी के कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सेंट्रल रेंज में आयोजित इस पहले 'थाना दिवस-जन सुनवाई' कार्यक्रम में सेंट्रल जिले के 15 और नॉर्थ जिले के 14 पुलिस स्टेशन शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान डीसीपी, अतिरिक्त डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने विभिन्न थानों का दौरा किया, लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की गई, जबकि अन्य मामलों को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेंट्रल रेंज) आईपीएस अधिकारी मधुर वर्मा ने स्वयं नॉर्थ जिले के सिविल लाइंस थाना और सेंट्रल जिले के दरियागंज थाना में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने नागरिकों से बातचीत कर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की और निष्पक्ष, त्वरित और नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग की आवश्यकता पर बल दिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस कार्यक्रम को जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम
