दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद नोएडा के पीजी पर फॉर्म-सी के उल्लंघन में एफआईआर, मालिक हिरासत में
नोएडा, 27 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा सेक्टर-128 के शाहपुर गोवर्धनपुर स्थित स्काई होम पीजी में 164 विदेशी नागरिकों के रहने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। विदेशी नागरिकों के ठहरने से संबंधित अनिवार्य फॉर्म-सी की जानकारी और उसके अनुपालन में लापरवाही के आरोप में थाना सेक्टर-126 में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने पीजी मालिक ब्रह्म सिंह को हिरासत में लिया है। पुलिस पीजी से डीवीआर भी अपने साथ ले गई है, जिससे वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और अन्य गतिविधियों की जांच की जा सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्काई होम पीजी में 164 विदेशी नागरिक रह रहे थे। विदेशी नागरिकों के भारत में ठहरने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने के लिए फॉर्म-सी भरना अनिवार्य होता है।
आरोप है कि इस प्रक्रिया का निर्धारित तरीके से अनुपालन नहीं किया गया। इसी आधार पर फॉर्म-सी के उल्लंघन को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पीजी में रह रहे विदेशी नागरिकों का पूरा रिकॉर्ड किसके पास था और उनकी जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग को उपलब्ध कराई गई थी या नहीं। इस मामले में पीजी संचालकों की ओर से अपनी सफाई में पीजी मालिक और एम/एस एसके प्रॉपर्टीज के बीच हुए एग्रीमेंट का हवाला दिया जा रहा है।
पीजी संचालकों का कहना है कि समझौते में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि फॉर्म-सी से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध कराने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की जिम्मेदारी संचालन करने वाली कंपनी की होगी। एग्रीमेंट में इस संबंध में अलग से क्लॉज भी शामिल किया गया था। जानकारी के मुताबिक, पीजी मालिक और एम/एस एसके प्रॉपर्टीज के बीच हुए समझौते में फॉर्म-सी के अनुपालन के साथ-साथ विदेशी नागरिकों से संबंधित रिकॉर्ड और डेटा को व्यवस्थित तरीके से मेंटेन करने की जिम्मेदारी संबंधित फर्म को सौंपी गई थी।
एग्रीमेंट में एसके प्रॉपर्टीज की ओर से सुशील कुमार का नाम भी सामने आया है। ऐसे में पुलिस अब यह जांच कर रही है कि समझौते के तहत दी गई जिम्मेदारियों का वास्तव में पालन किया गया था या नहीं। मामले की जांच के दौरान नोएडा पुलिस अब दो भारतीय नागरिकों की तलाश में जुटी है। इनमें एसके प्रॉपर्टीज से जुड़े सुशील कुमार का नाम भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फॉर्म-सी से जुड़ी जिम्मेदारी किस व्यक्ति को सौंपी गई थी और विदेशी नागरिकों के ठहरने का डेटा किस स्तर पर तैयार एवं जमा किया जाना था।
इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि संबंधित फर्म ने एग्रीमेंट में तय शर्तों के मुताबिक अपना काम किया था या नहीं। दिल्ली पुलिस की ओर से पीजी से डीवीआर ले जाने के बाद अब सीसीटीवी फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा बन सकती है। इसके माध्यम से विदेशी नागरिकों के आने-जाने, उनके ठहरने की अवधि और पीजी की गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा सकती है।
फिलहाल, पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु यह है कि 164 विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी संबंधित विभाग को क्यों और किस स्तर पर उपलब्ध नहीं कराई गई। पीजी मालिक और संचालन करने वाली कंपनी के बीच हुए एग्रीमेंट की शर्तों, फॉर्म-सी से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी। पुलिस दोनों पक्षों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
