दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की गई शनिदेव की मूर्ति बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चांदनी चौक स्थित शनि मंदिर से चोरी हुई भगवान शनिदेव की प्राचीन अष्टधातु मूर्ति के मामले को महज दो दिनों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, चोरी की गई सभी वस्तुएं बरामद कर ली हैं।
पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, चोरी हुई अष्टधातु की यह मूर्ति काफी प्राचीन है, जिसकी कीमत लगभग 5 से 6 लाख रुपए आंकी गई है। इस घटना के खुलासे में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान संभव हो सकी।
यह मामला 12 मई 2026 को सामने आया, जब शनि मंदिर के पुजारी मुकेश शर्मा ने ई-एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि भगवान शनिदेव की प्राचीन मूर्ति और अन्य पीतल के सामान चोरी हो चुके हैं। महा शनि जयंती के मद्देनजर मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित रास्तों के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लगातार निगरानी के बाद एक फुटेज में आरोपी की स्पष्ट तस्वीर मिली।
स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ बंटा (45) के रूप में हुई, जो यमुना बाजार इलाके में रहता है। 14 मई की रात करीब 9 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चोरी की गई मूर्ति और अन्य सामान को गीता कुमारी नामक कबाड़ी को 3,800 रुपए में बेच दिया था। पुलिस ने उसके बताए पते पर छापा मारकर मूर्ति सहित सभी सामान बरामद कर लिया और गीता कुमारी को भी 15 मई की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी दिलशाद पहले भी दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के 15 मामलों में शामिल रह चुका है। वहीं, गीता कुमारी पहले भी एक चोरी के मामले में संलिप्त पाई गई है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भगवान शनिदेव की अष्टधातु मूर्ति और पीतल के अन्य सामान, जिनमें एक छत्र, गदा, प्लेट और दो दीप स्टैंड बरामद किए।
--आईएएनएस
पीएसके
