दिल्ली: पेयजल लाइन, सीवेज नेटवर्क, सड़कों एवं नालों के निर्माण पर विशेष जोर
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राजधानी के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की ओर से राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के ख्याला और विष्णु गार्डन सहित अन्य क्षेत्र में 4.5 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
इन परियोजनाओं में पेयजल आपूर्ति लाइनों का विस्तार, सीवेज नेटवर्क का निर्माण, नई सड़कों का विकास, नालों का निर्माण, टॉयलेट कॉम्प्लेक्स तथा पार्कों में हरियाली बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। यह पहल क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली के भीतर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले कई वर्षों में पिछली सरकारों की ओर से जो उपेक्षा हुई, उसे अब तेज गति से दूर किया जा रहा है। पुरानी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार का कोई कार्य नहीं किया, जहां भी जाते हैं, टूटी सड़कों और अव्यवस्थित ढांचे की समस्याएं सामने आती हैं, हम इन्हें जड़ से ठीक करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों में ख्याला गांव की सड़कों का पुनर्निर्माण, चोखंडी क्षेत्र में सड़क सुधार, सीवेज लाइनों का विस्तार तथा एक प्रमुख सड़क और उससे जुड़े नाले का निर्माण शामिल है, जिसकी मांग लंबे समय से स्थानीय निवासियों द्वारा की जा रही थी।
उन्होंने आगे कहा कि इस वर्ष दिल्ली सरकार की ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर पर अधिकतम निवेश किया जा रहा है। रेखा गुप्ता सरकार की ओर से 32,000 करोड़ रुपए के प्रावधान के साथ राजधानी को नई दिशा देने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। यह केवल शुरुआत है, पूरी विधानसभा क्षेत्र में इसी प्रकार व्यापक विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
मंत्री सिरसा ने जोर देते हुए कहा कि दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में नई सड़कों, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और हरित क्षेत्रों का विस्तार जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली के हर मोहल्ले को साफ, व्यवस्थित और आधुनिक नहीं बनाया जाएगा, तब तक विकसित भारत और विकसित दिल्ली का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। हमारी सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कार्यरत है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी
