Aapka Rajasthan

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मिली राहत होगी खत्म, फिर बढ़ेगा वायु प्रदूषण; गिरने लगा न्यूनतम तापमान

नोएडा, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु प्रदूषण से मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है।
 

नोएडा, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु प्रदूषण से मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है।

पिछले दिनों हुई बारिश ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों की हवा को काफी हद तक साफ कर दिया था। कई स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया था और प्रदूषण का स्तर ग्रीन जोन तक पहुंच गया था। हालांकि, अब मौसम में बदलाव के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक में दोबारा बढ़ोतरी के संकेत मिलने लगे हैं।

आशंका है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा फिर से खराब श्रेणी में पहुंच सकती है और एक्यूआई लाल निशान के पार जा सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी 2 नवंबर से 7 नवंबर तक के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूरे सप्ताह मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। आसमान में आंशिक रूप से बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है।

लगातार साफ मौसम और बारिश नहीं होने के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों का प्रभाव फिर से बढ़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को एक बार फिर प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

2 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 3 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच सकता है। 4 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद 5 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 6 और 7 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में आर्द्रता का स्तर भी 60 और 85 प्रतिशत के बीच दर्शाया गया है। पूरे सप्ताह मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का अनुमान है। खास बात यह है कि 2 से 7 नवंबर तक किसी भी दिन मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। बारिश के बाद साफ हुई दिल्ली-एनसीआर की हवा में अब दोबारा प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। मौसम शुष्क रहने, बारिश नहीं होने और तापमान में गिरावट के बीच प्रदूषक तत्वों का प्रभाव बढ़ सकता है।

खासतौर पर सुबह और देर शाम के समय लोगों को प्रदूषण के साथ हल्की ठंड का भी एहसास होगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम में रहने वाले लोगों को आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता पर नजर रखने की जरूरत होगी। प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस