Aapka Rajasthan

दिल्ली-एनसीआर में बार-बार बदल रहा है मौसम का मिजाज, बारिश से राहत के बाद उमस बरकरार

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो अचानक आसमान में बादल छाने के बाद बारिश मौसम को सुहाना बना रही है।
 

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो अचानक आसमान में बादल छाने के बाद बारिश मौसम को सुहाना बना रही है।

मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह मानसून ट्रफ की सक्रियता, उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी वाली हवाओं को माना जा रहा है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में बादल और बारिश का दौर बना हुआ है। हालिया बारिश के बाद तापमान में राहत महसूस हुई है, लेकिन वातावरण में नमी का स्तर काफी अधिक रहने के कारण बारिश रुकने के बाद उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह साफ रहने के बजाय बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 24 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 25 अगस्त को भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है।

मौसम सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 26 अगस्त को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, जबकि आर्द्रता 75 से 60 प्रतिशत रह सकती है। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। 27 अगस्त को भी तापमान 36/26 डिग्री, 28 अगस्त को तापमान 36/26 डिग्री और 29 अगस्त को तापमान 36/27 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। 26 से 29 अगस्त तक मौसम मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला बताया गया है।

बारिश का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दे रहा है। बारिश और नमी के कारण हवा में मौजूद धूल-कणों के बैठने से कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक स्तर तक पहुंचा है। दिल्ली के मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों में आनंद विहार का एक्यूआई 233 दर्ज किया गया, जो अन्य कई इलाकों की तुलना में काफी अधिक है। अशोक विहार 97, आया नगर 100, बवाना 127, कैंटोनमेंट एरिया 102, चांदनी चौक 109, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 83, मथुरा रोड 101 और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज 88 दर्ज किए गए। इससे साफ है कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में हवा की गुणवत्ता में काफी अंतर बना हुआ है।

नोएडा में चारों सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों पर अलग-अलग एक्यूआई दर्ज किया गया। सेक्टर-125 में एक्यूआई 186 रहा, जो शहर के अन्य प्रदर्शित स्टेशनों की तुलना में सबसे अधिक है। वहीं सेक्टर-62 में 87, सेक्टर-1 में 104 और सेक्टर-116 में 124 एक्यूआई दर्ज किया गया। गाजियाबाद के पांच सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी हवा की गुणवत्ता में अंतर देखने को मिला। गोविंदपुरम में एक्यूआई 47, इंदिरापुरम में 82, लोनी में 124, संजय नगर में 49 और वेद विहार-लोनी में 104 दर्ज किया गया। यानी गाजियाबाद के गोविंदपुरम और संजय नगर में हवा अपेक्षाकृत बेहतर रही, जबकि लोनी और वेद विहार-लोनी में प्रदूषण का स्तर अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक बादल, नमी और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहने से तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना कम है। हालांकि बारिश के बाद धूप निकलने पर उमस बढ़ सकती है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आने वाले दिनों में कहीं बारिश, कहीं धूप और कहीं उमस वाला मिला-जुला मौसम देखने को मिल सकता है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस