दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के आसार, बादलों के बीच उमस से राहत की उम्मीद
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार को दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में बारिश के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे क्षेत्र में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कई स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
वहीं, कुछ स्थानों पर सुबह से दोपहर के बीच मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। शाम और रात के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है। बारिश के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान फिलहाल 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। लगातार बनी उमस के बीच बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी तापमान में महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना कम है। गुरुवार को भी क्षेत्र में बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। नोएडा में भी बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता की स्थिति अलग-अलग इलाकों में अलग दिखाई दी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सेक्टर-125 में 140, सेक्टर-62 में 96, सेक्टर-1 में 106 और सेक्टर-116 में 138 की रीडिंग दर्ज की गई। इनमें सेक्टर-62 की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर रही, जबकि सेक्टर-125 और सेक्टर-116 में रीडिंग अधिक दर्ज हुई। गाजियाबाद की तस्वीर भी अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रही।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, गोविंदपुरम में 84, इंदिरापुरम में 88, लोनी में 133, संजय नगर में 102, वसुंधरा में 132 और वेद विहार-लोनी में 111 की रीडिंग दर्ज की गई। गोविंदपुरम और इंदिरापुरम में स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर दिखाई दी, जबकि लोनी और वसुंधरा में रीडिंग अधिक रही। दिल्ली की मॉनिटरिंग स्टेशनों की तस्वीर भी पूरी तरह एक जैसी नहीं है। आनंद विहार में 204, अशोक विहार में 108, आया नगर में 79, बवाना में 222, बुराड़ी क्रॉसिंग में 86, कैंटोनमेंट एरिया में 81, चांदनी चौक में 116 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 87 की रीडिंग दर्ज है।
वहीं, सीआरआरआई (केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान) मथुरा रोड की स्क्रीन पर 109 की रीडिंग दिखाई दे रही है। दिल्ली में सबसे अधिक रीडिंग बवाना और आनंद विहार में दर्ज हुई। फिलहाल मानसूनी बादलों के कारण क्षेत्र में भीषण गर्मी से राहत की स्थिति बनी हुई है। हालांकि बारिश के बीच उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच कई जगह हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के बाद शाम और रात में फिर हल्की बारिश होने की संभावना है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीकेयू
